US Iran War: कब्रों की लंबी कतारें, 160 से ज्यादा छात्राओं की मौत का आरोप, ईरान ने जारी की रूह कंपा देने वाली तस्वीर

US Israel Iran War: रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमला दक्षिणी ईरान के शहर मिनाब के शाजरे तैय्येबेह प्राइमरी स्कूल पर हुआ। शनिवार को हुए इस हमले में पहले 100 से ज्यादा लोगों की मौत की बात कही गई थी। ईरानी रेड क्रिसेंट के अनुसार, शुरुआती आंकड़ों में 108 मौतें बताई गईं

अपडेटेड Mar 03, 2026 पर 8:08 PM
Story continues below Advertisement
US Iran War: कब्रों की लंबी कतारें, 160 से ज्यादा छात्राओं की मौत का आरोप, ईरान ने जारी की रूह कंपा देने वाली तस्वीर

ईरान ने मंगलवार को एक तस्वीर जारी की, जिसमें ताजा खोदी गई कब्रों की लंबी कतारें दिखाई गईं। ईरानी सरकार का दावा है कि ये कब्रें उन 160 से ज्यादा स्कूली लड़कियों की हैं, जो अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में मारी गईं।

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि ये कब्रें “160 से ज्यादा मासूम बच्चियों” की हैं, जिनके शरीर बमबारी में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा, “यह है वो ‘राहत’ जिसका वादा किया गया था। गाजा से मिनाब तक मासूमों की बेरहमी से हत्या की गई।”


मिनाब के स्कूल पर हमला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमला दक्षिणी ईरान के शहर मिनाब के शाजरे तैय्येबेह प्राइमरी स्कूल पर हुआ। शनिवार को हुए इस हमले में पहले 100 से ज्यादा लोगों की मौत की बात कही गई थी।

ईरानी रेड क्रिसेंट के अनुसार, शुरुआती आंकड़ों में 108 मौतें बताई गईं। बाद में मलबा हटाने और तलाशी अभियान पूरा होने के बाद प्रांतीय अधिकारियों ने मृतकों की संख्या 165 होने की पुष्टि की। इनमें ज्यादातर स्कूली छात्राएं और कुछ स्टाफ सदस्य शामिल बताए गए हैं।

मंगलवार को इन सभी के लिए सामूहिक अंतिम संस्कार भी किया गया।

इजरायल और अमेरिका का जवाब

इजरायल की सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नदव शोशानी ने कहा कि उन्हें इस स्कूल पर किसी अमेरिकी या इजरायली हमले की जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि उनकी सैन्य कार्रवाई “बेहद सटीक” तरीके से की जाती है।

वहीं अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि उन्हें नागरिकों के नुकसान की खबरों की जानकारी है और वे इन रिपोर्टों को गंभीरता से ले रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को नुकसान से बचाने के लिए हर संभव सावधानी बरती जा रही है।

बढ़ते तनाव के बीच बड़ा आरोप

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पूरे मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है। ईरान ने इस हमले को सीधा अमेरिका और इजरायल पर आरोप लगाते हुए युद्ध अपराध जैसा बताया है, जबकि दूसरी तरफ दोनों देशों ने स्कूल पर हमले से इनकार किया है।

सच्चाई क्या है, यह फिलहाल जांच और स्वतंत्र पुष्टि के बाद ही साफ हो पाएगा। लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में पहले से चल रहे संघर्ष को और भड़का दिया है।

US Iran War: ₹20,000 का ड्रोन, ₹40 लाख की मिसाइल पर भारी! महाशक्तियों को ऐसे थका रहा ईरान, लंबी जंग का इशारा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।