US midterm election: ट्रंप का बड़ा चुनावी वादा! रिपब्लिकन मिड टर्म चुनाव जीते तो हर अमेरिकी वयस्क को मिलेंगे $5,000

US midterm elections: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वादा कि अगर नवंबर में होने वाले मिड टर्म चुनाव में रिपब्लिकन कांग्रेस (अमेरिकी संसद) पर अपना नियंत्रण बनाए रखते हैं, तो वह अमेरिका के हर वयस्क को $5,000 का डिविडेंड (हिस्सा) देंगे। हालांकि, ट्रंप की घोषणा के बाद इस प्रस्ताव की विस्तृत जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है

अपडेटेड Sep 10, 2026 पर 10:46 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
US midterm elections: ट्रंप ने कहा कि अगर वे मिड टर्म चुनाव जीतते हैं तो हर एडल्ट अमेरिकन के खाते में पांच हजार डॉलर डिपाजिट करेंगे

US midterm elections: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस साल नवंबर में होने वाले मिड टर्म चुनाव से पहले बड़ा आर्थिक वादा किया है। ट्रंप ने कहा है कि अगर रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा (House of Representatives) और सीनेट दोनों में अपना कंट्रोल बरकरार रखती है, तो अमेरिका के हर वयस्क नागरिक को 5,000 डॉलर (करीब 4.4 लाख रुपये) का डिविडेंड दिया जाएगा।

ट्रंप ने बुधवार (9 सितंबर) को डलास में आयोजित एक रिपब्लिकन सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अमेरिका की आर्थिक ताकत और उनकी सरकार की आर्थिक सफलता के चलते वह देश के प्रत्येक वयस्क नागरिक को 5,000 डॉलर का भुगतान जारी करेंगे।

'दोनों सदनों में जीत जरूरी'


ट्रंप ने कहा, "अगर रिपब्लिकन प्रतिनिधि सभा और अमेरिकी सीनेट, दोनों में जीत हासिल करते हैं... हमारी जबरदस्त ताकत और आर्थिक सफलता के कारण मैं अमेरिका के हर वयस्क नागरिक को 5,000 डॉलर का डिविडेंड जारी करूंगा।" हालांकि, ट्रंप ने इस प्रस्ताव के साथ एक शर्त भी रखी। उन्होंने कहा कि यह पैसा अमेरिका के भीतर ही खर्च किया जाना चाहिए।

प्रस्ताव को लेकर अभी ज्यादा जानकारी नहीं

ट्रंप की घोषणा के बाद इस प्रस्ताव की विस्तृत जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि 5,000 डॉलर का भुगतान किस फंड से किया जाएगा। साथ ही यह खुलासा होना बाकी है कि इसके लिए पात्र लाभर्थियों के लिए क्या शर्तें होंगी। वहीं, अमेरिकी सरकार इसे किस तरीके से लागू करेगी इसका भी डिटेल्स आना बाकी है।

ट्रंप का यह ऐलान ऐसे समय में आया है जब नवंबर के चुनाव में प्रतिनिधि सभा और सीनेट पर नियंत्रण को लेकर रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी के बीच मुकाबला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक वयस्क अमेरिकी नागरिक को सीधे आर्थिक लाभ देने का वादा चुनावी राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकता है।

US मिडटर्म चुनाव का मतलब क्या है?

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव 3 नवंबर 2026 (मंगलवार) को होंगे। ये चुनाव राष्ट्रपति चुनाव नहीं होते। बल्कि राष्ट्रपति के चार साल के कार्यकाल के बीच में होने वाले कांग्रेस के चुनाव हैं। अमेरिका की संसद को Congress कहा जाता है। भारत की तरह इसके दो सदन हैं:-

  • House of Representatives (प्रतिनिधि सभा): सभी 435 सीटों पर चुनाव होगा।
  • Senate (सीनेट): 100 में से 35 सीटों पर चुनाव होगा। इसके अलावा कई राज्यों में गवर्नर और राज्य विधानसभाओं के चुनाव भी होंगे।

ट्रंप के लिए इतना महत्वपूर्ण क्यों?

डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति हैं। लेकिन उनके कानून और नीतियों को लागू करने के लिए कांग्रेस का समर्थन बेहद महत्वपूर्ण है। अभी रिपब्लिकन पार्टी के पास दोनों सदनों में बहुमत है। सितंबर 2026 की स्थिति में हाउस में रिपब्लिकन 219-214 और सीनेट में 53-47 से आगे हैं। अगर रिपब्लिकन दोनों सदनों में बहुमत बचा लेते हैं, तो ट्रंप को अपने एजेंडे टैक्स, बजट, इमिग्रेशन, आर्थिक नीतियां आदि को आगे बढ़ाने में काफी आसानी होगी।

ये भी पढ़ें- Iran-US War Update: ईरान युद्ध पर ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के बाद तुरंत खत्म हो जाएगी जंग

अगर डेमोक्रेट्स हाउस या सीनेट में बहुमत हासिल कर लेते हैं, तो ट्रंप के लिए कानून पास कराना मुश्किल हो सकता है। कांग्रेस उनकी सरकार की नीतियों की जांच-पड़ताल/निगरानी भी ज्यादा आक्रामक तरीके से कर सकती है। यही वजह है कि ट्रंप ने $5,000 'डिविडेंड' का वादा मिडटर्म चुनाव से जोड़कर किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।