'नर्व एजेंट से मोजतबा की मौत के प्लान तक', रेस्टोरेंट में अनजान महिला के सामने सारे ‘सीक्रेट’ खोल गया US अफसर! वीडियो वायरल

वीडियो में हग ने अमेरिका के मिसाइल डिटेक्शन सिस्टम के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि अमेरिका के पास स्पेस में सैटेलाइट और रडार सिस्टम हैं, जो किसी भी मिसाइल लॉन्च को तुरंत पकड़ लेते हैं और उसकी स्पीड व दिशा तक का पता लगा लेते हैं

अपडेटेड Apr 22, 2026 पर 3:09 PM
रेस्टोरेंट में बैठकर अनजान महिला के सामने सारे ‘सीक्रेट’ खोल गया US अफसर!

अमेरिका से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां अमेरिकी सेना के एक सीनियर अधिकारी को संवेदनशील जानकारी लीक करने के आरोप में छुट्टी पर भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक वायरल अंडरकवर वीडियो सामने आने के बाद की गई। इस पूरे मामले में एंड्रयू हग (Andrew Hugg) नाम के अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने एक अनजान व्यक्ति से बातचीत के दौरान अमेरिका की सैन्य और परमाणु नीतियों से जुड़ी अहम जानकारी साझा कर दी। यह बातचीत एक रेस्टोरेंट में रिकॉर्ड की गई थी, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

यह वीडियो James O'Keefe ने शेयर किया, जो पहले प्रोजेक्ट 'Veritas' से जुड़े रहे हैं और अब O’Keefe Media Group चला रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में हग ने कई संवेदनशील बातें उजागर की हैं, जिसमें US मिलिट्री ऑपरेशन, ईरान से जुड़ी रणनीति और केमिकल हथियारों की जानकारी शामिल है।


वीडियो में हग खुद को सेना के “न्यूक्लियर और केमिकल सेफ्टी” विभाग का प्रमुख बताते हैं। उन्होंने कहा कि उनका काम यह सुनिश्चित करना है कि परमाणु हथियार सुरक्षित रहें और गलत लोगों के हाथ में न जाएं। बातचीत के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि “हम यह देखते हैं कि कोई पागल व्यक्ति इन हथियारों तक न पहुंच जाए।”

अमेरिक के पास खतरनाक नर्व एजेंट

सबसे विवादित हिस्सा तब सामने आया, जब हग ने ईरान को लेकर बयान दिया। उन्होंने इशारा किया कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो ईरान के शीर्ष नेता को निशाना बनाया जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने यह भी माना कि अमेरिकी हमलों में आम नागरिकों, यहां तक कि बच्चों की भी मौत हुई, जिसे उन्होंने “युद्ध का साइड इफेक्ट” बताया।

वीडियो में हग ने अमेरिका के मिसाइल डिटेक्शन सिस्टम के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि अमेरिका के पास स्पेस में सैटेलाइट और रडार सिस्टम हैं, जो किसी भी मिसाइल लॉन्च को तुरंत पकड़ लेते हैं और उसकी स्पीड व दिशा तक का पता लगा लेते हैं।

इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका के पास अब भी खतरनाक नर्व एजेंट जैसे केमिकल मौजूद हैं, जिनमें से कुछ मैरीलैंड में रखे गए हैं। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक लैब केमिस्ट ने सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया, जिससे वह खतरनाक केमिकल के संपर्क में आ गई और उसकी मौत हो गई।

इस वीडियो के सामने आने के बाद अमेरिकी सेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हग को एडमिनिस्ट्रेटिव लीव पर भेज दिया है। सेना की प्रवक्ता ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और सच्चाई सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

'...तो अमेरिका मोजतबा को भी मार सकता है'

ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव को लेकर सामने आए इस वीडियो में कई गंभीर और चौंकाने वाले बयान भी सामने आए हैं। अमेरिकी अधिकारी ने बातचीत के दौरान ईरान के भविष्य के नेतृत्व को लेकर भी बड़ा दावा किया।

हग के मुताबिक, अगर ईरान के संभावित नेता मोजतबा खामेनेई अपने रुख में बदलाव नहीं करते हैं, तो अमेरिका उनके खिलाफ कड़ा कदम उठा सकता है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि “अगर उन्होंने अपना तरीका नहीं बदला, तो अमेरिका उन्हें मार सकता है।” इस बयान ने पूरे मामले को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है।

हालांकि, इसी बातचीत में हग ने यह भी साफ किया कि अमेरिका परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की योजना नहीं बना रहा है। उन्होंने कहा, “हम किसी पर न्यूक्लियर हमला नहीं करेंगे।” यानी एक तरफ सख्त चेतावनी, तो दूसरी तरफ संयम का संदेश भी दिया गया।

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल उस जगह को लेकर भी उठ रहा है, जहां यह बातचीत हुई। दरअसल, हग एक पब्लिक रेस्टोरेंट में बैठे थे और एक महिला से बेहद आराम से संवेदनशील मुद्दों पर बात कर रहे थे, जिसे वह आम व्यक्ति समझ रहे थे। यही लापरवाही अब उनके लिए मुश्किल बन गई है।

बातचीत के दौरान हग ने कुछ निजी और विवादित टिप्पणियां भी कीं। उन्होंने इंटेलिजेंस जुटाने के तरीकों पर बोलते हुए कहा कि “किसी आदमी से जानकारी निकालने के लिए एक खूबसूरत लड़की भेजना सबसे आसान तरीका हो सकता है।” इतना ही नहीं, उन्होंने महिला से बात करते हुए कहा कि उसकी आंखों ने उन्हें “मोहित” कर लिया है और वह उसे लगभग “इंटेलिजेंस एजेंट” जैसा महसूस कर रहे हैं।

हालांकि, वीडियो में किए गए कई दावों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। फिर भी इस घटना ने अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील जानकारी की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

'पहले समुद्री घेराबंदी हटाओ, फिर होगी बातचीत', ईरान ने अमेरिका के सामने रखी अपनी शर्त; क्या पीछे हटेंगे ट्रंप?

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।