Trump Tariff : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ को 1 अगस्त से लागू होने का ऐलान किया था, लेकिन अब इस फैसले को 7 दिन के लिए टाल दिया है। अब ये 7 अगस्त से लागू किया जाएगा। बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक नया आदेश जारी किया, जिसके तहत कई देशों से आने वाले सामानों पर लगने वाले टैक्स को बदल दिया गया है। ये टैक्स अब 10% से लेकर 41% तक होंगे।
इनमें सबसे ज़्यादा टैक्स सीरिया पर लगाया गया है, जिस पर 41% शुल्क लगेगा। लाओस और म्यांमार से आने वाले सामान पर 40% टैक्स लगेगा। इसके अलावा स्विट्जरलैंड पर 39% और दक्षिण अफ्रीका पर 30% टैक्स लगाया गया है।
थाईलैंड-मलेशिया को मिली राहत
कुछ एशियाई देशों को अमेरिका की ओर से थोड़ा राहत मिला है। जो देश अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर साइन नहीं कर पाए हैं, उनके लिए टैक्स थोड़े कम कर दिए गए हैं। अब थाईलैंड से आने वाले सामान पर टैक्स 36% से घटाकर 19% कर दिया गया है। इसी तरह, मलेशिया से आने वाले सामान पर भी टैक्स 24% से घटाकर 19% कर दिया गया है। ताइवान से आने वाले माल पर अब 32% की जगह 20% टैक्स लगेगा। व्हाइट हाउस ने यह भी कहा है कि अगर कोई देश किसी और देश के नाम से सामान भेजकर टैक्स से बचने की कोशिश करता है, तो उस पर 40% अतिरिक्त टैक्स लगाया जाएगा।
जान लें किस देश पर लगा कितना टैरिफ
सात दिन बाद लागू होंगे ये टैक्स
नए आदेश में यह कहा गया है कि जिन देशों का नाम इस बार की लिस्ट में नहीं है, उनके सामान पर भी अब 10% एक्स्ट्रा टैक्स लगेगा। यह फैसला अप्रैल में जारी पुराने आदेश में किए गए बदलावों का हिस्सा है। बदले गए टैक्स रेट, आदेश जारी होने के 7 दिन बाद, रात 12:01 बजे (पूर्वी डेलाइट समयानुसार) या उसके बाद अमेरिका में दाखिल होने वाले सामान पर लागू होंगी। हालांकि, कुछ खास मामलों में इन्हें बदला भी जा सकता है। आदेश में यह भी बताया गया है कि जिन देशों ने अमेरिका के साथ व्यापार और सुरक्षा से जुड़े समझौते किए हैं या करने वाले हैं, उन्हें भी फिलहाल नई रेट के हिसाब से टैक्स देना होगा। जब तक कि उनके समझौते पूरी तरह लागू नहीं हो जाते।
जारी हुआ ये नया आदेश
अमेरिका के नए कार्यकारी आदेश में यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, फिलीपींस और इंडोनेशिया जैसे व्यापारिक साझेदारों के साथ तय किए गए नए टैक्स की पुष्टि की गई है। पूर्व अमेरिका के डिप्टी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव वेंडी कटलर ने कहा कि जिन देशों का अमेरिका के साथ व्यापार घाटा है, उन पर ज्यादा टैक्स लगाया गया है। कटलर ने यह भी कहा कि आदेश में यह साफ नहीं किया गया कि क्या मौजूदा या नए नियम बनाए जाएँगे या उन पर बातचीत होगी। उन्होंने यह भी बताया कि वियतनाम जैसे देशों से आने वाले सामान पर 40% ट्रांसशिपमेंट टैक्स लगाना एक अहम मुद्दा है।
ट्रम्प ने शुक्रवार से कनाडा से आने वाले आयात पर टैक्स (टैरिफ) 25% से बढ़ाकर 35% कर दिया है। हालांकि, यह बढ़ा हुआ टैक्स उन सामानों पर नहीं लगेगा जो उनके पहले कार्यकाल में किए गए अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा मुक्त व्यापार समझौते (USMCA) के तहत आते हैं। अप्रैल की शुरुआत में ट्रम्प ने घोषणा की थी कि अमेरिका लगभग सभी देशों पर 10% का एक जैसा टैक्स लगाएगा, और कुछ खास देशों पर यह टैक्स 50% तक भी हो सकता है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।