यमन में अमेरिका की ओर से हवाई हमले जारी हैं। इन हमलों में अब तक बड़ी संख्या में हूती विद्रोही मारे जा चुके हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सर्जिकल स्ट्राइक का एक वीडियो शेयर किया है। 25 सेकंड के इस वीडियो में देखकर लोग हैरान रह जाएंगे। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि गोलाई में कुछ लोग खड़े हैं। अचानक वे एक हमले की चपेट में आ जाते हैं। वीडियो में धुआं ही धुआं नजर आता है। इस वीडियो के साथ ट्रंप ने लिखा है कि उफ ये हूती हमला नहीं करेंगे।
यह वीडियो न केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से बल्कि वैश्विक रणनीति के लिहाज से भी अहम बन गया है। वीडियो में दिख रहा है कि कैसे एक टारगेट पर हमला किया जाता है। इसके बाद पल भर में पूरा क्षेत्र धूल और धुएं के गुबार में बदल जाता है। साफतौर पर लगा रहा है कि हमला किसी तय योजना के तहत किया गया था।
हमले के दौरान कई वाहन खड़े हैं
हमले के बाद में कैमरा ज़ूम आउट होता है। जिसमें कई गाड़ियां मौके पर खड़ी दिखाई देती हैं। डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि शायद ये हूती हमला करने के लिए निर्देश पाने के लिए एकत्र हुए थे। लेकिन अब ये हमें कभी नहीं मार पाएंगे। इसके साथ ही ये हमारे जहाजों को भी कभी नहीं डुबो पाएंगे। हाल के हफ्तों में यमन में विद्रोही समूह पर संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से कई हमले किए जाने की खबर सामने आई है। ये हमले विद्रोही समूह की ओर से लाल सागर में जहाजों पर किए गए हमलों के जवाब में किए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को यमन में विद्रोही-नियंत्रित क्षेत्रों पर अमेरिकी हमला हुआ है। जिसमें करीब 6 हूतियों के मारे जाने की खबर सामने आई है।
ईरान पर दबाव बनाने क प्रयास
फिलहाल अमेरिकी अभियान के रुकने के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। इसकी वजह ये है कि ट्रंप प्रशासन ईरान के बढ़ते परमाणु कार्यक्रम को लेकर दबाव बनाने की कोशिश की थी। लिहाजा ईरान समर्थित हूतियों पर लगातार हवाई हमले जारी हैं। ट्रंप का कहना है कि अगर हूती अमेरिकी जहाजों पर हमला रोक देंगे तो हम भी हूतियों पर हमले रोक देंगे।