Donald Trump: 'बुधवार तक डील नहीं हुई तो शुरू कर देंगे बमबारी...', सीजफायर के बीच ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम
US Iran Tension: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान में चल रहे युद्ध को लेकर "कुछ अच्छी खबर" मिली है। लेकिन उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अगर तेहरान के साथ दूसरे दौर की बातचीत में कोई समझौता नहीं हुआ, तो सीजफायर आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
US Iran Tension: अमेरिका-ईरान में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि ईरान में चल रहे युद्ध को लेकर "कुछ अच्छी खबर" मिली है। लेकिन उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अगर तेहरान के साथ दूसरे दौर की बातचीत में कोई समझौता नहीं हुआ, तो बुधवार के बाद सीजफायर आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा, "हमें 20 मिनट पहले कुछ अच्छी खबर मिली है, ऐसा लगता है कि मिडिल ईस्ट में ईरान के साथ बातचीत बहुत अच्छी चल रही है।" हालांकि, ट्रंप ने विस्तार से कुछ नहीं बताया। उन्होंने आगे कहा, "आपको इसके बारे में पता चलेगा। मुझे लगता है कि ऐसा होना चाहिए... मुझे लगता है कि ऐसा होगा। देखते हैं क्या होता है।"
ट्रंप ने आगे कहा कि भले ही ईरान हॉर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोल दे, लेकिन इस अहम समुद्री रास्ते पर अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी जारी रहेगी। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि वे सीजफायर आगे नहीं बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ जारी दो हफ्ते का सीजफायर तब तक नहीं बढ़ाया जाएगा जब तक बुधवार तक युद्ध समाप्त करने के लिए कोई स्थाई समझौता नहीं हो जाता।
"If you don't have a deal by Wednesday when the ceasefire ends, will you extend the ceasefire?"@POTUS: "I don't know. Maybe I won't extend it — but the blockade is going to remain... Unfortunately, we'll have to start dropping bombs again." pic.twitter.com/rhC6ATfezT
उन्होंने आगे कहा, “हो सकता है मैं इसे आगे न बढ़ाऊं, लेकिन नाकाबंदी जारी रहेगी। अगर ऐसा हुआ, तो नाकाबंदी तो रहेगी ही और दुर्भाग्य से हमें फिर से बमबारी शुरू करनी पड़ेगी।”
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या ईरान होर्मुज स्ट्रेट में टोल लगाएगा या जहाजों की आवाजाही प्रतिबंधित करेगा, तो उन्होंने कहा, “नहीं। बिलकुल नहीं। नहीं। नहीं। प्रतिबंध यह है कि आप टोल नहीं लगा सकते। नहीं, टोल नहीं लगने वाला है।”
ये बयान लेबनान में हुए सीजफायर समझौते के बाद ईरान द्वारा शुक्रवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से फिर से खोलने के बाद आईं। ट्रंप ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि ईरानी बंदरगाहों में प्रवेश करने या बाहर निकलने वाले जहाजों पर अमेरिकी नाकाबंदी तब तक जारी रहेगी जब तक कोई समझौता नहीं हो जाता।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर बड़े अक्षरों में पोस्ट कर लिखा, "होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से खुला है और व्यापार और पूर्ण आवागमन के लिए तैयार है, लेकिन ईरान के संबंध में नौसैनिक नाकाबंदी तब तक पूरी तरह से लागू रहेगी जब तक ईरान के साथ हमारा समझौता 100% पूरा नहीं हो जाता," बाद में उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने होर्मुज को फिर कभी बंद न करने पर सहमति जताई है।
बता दें कि होर्मुज स्ट्रेट एक संकरा लेकिन महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, जिससे विश्व के 20% तेल और गैस की सप्लाई होती है। 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमलों और तेहरान द्वारा खाड़ी देशों पर जवाबी हमलों के बाद यह मार्ग कमर्शियल जहाजों के लिए लगभग बंद हो गया। 47 दिनों तक, जहाजों ने या तो इस मार्ग से यात्रा करने से परहेज किया या उन्हें भारी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा। इससे वैश्विक व्यापार, खासकर ऊर्जा सप्लाई पर बड़ा असर पड़ा और तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली।
इस बीच, ईरान ने ट्रंप को कड़ी चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज में अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी जारी रही तो इसे फिर से बंद कर दिया जाएगा। ईरान के संसदीय अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने कहा, "नाकाबंदी जारी रहने पर होर्मुज स्ट्रेट खुला नहीं रहेगा। होर्मुज से जहाजों की आवाजाही 'निर्धारित मार्ग' के अनुसार और ईरान की अनुमति से ही होगा।"
CNN ने ईरानी सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का एक नया दौर सोमवार, 20 अप्रैल को इस्लामाबाद में होने की संभावना है। गौरतलब है कि इस्लामाबाद में 11 अप्रैल को हुई बातचीत का पहला दौर बिना किसी समझौते के समाप्त हो गया था।
ट्रंप ने यह भी दावा किया है कि अमेरिका ईरान के समृद्ध यूरेनियम भंडार को वापस हासिल कर लेगा। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने सरकारी मीडिया को बताया कि यूरेनियम कहीं भी ट्रांसफर नहीं किया जाएगा।