ईरान युद्ध कब खत्म होगा? ट्रंप ने बताई एग्जैक्ट डेट! नेतन्याहू को फोन कर दे दी ये बड़ी चेतावनी

Donald Trump Iran War: रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा कि अगर इजरायल ने तेहरान पर और हमले किए, तो वह अमेरिका का समर्थन खो देगा। ट्रंप ने कहा, 'मैंने कहा, 'बीबी, बेहतर होगा कि तुम सावधान रहो, नहीं तो बहुत जल्द तुम पूरी दुनिया में अकेले पड़ जाओगे'

अपडेटेड Jun 09, 2026 पर 11:14 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर रोक लगाने सहित 'हमें सब कुछ देने' के लिए तैयार है

Iran War End Trump: मिडिल ईस्ट में जारी महायुद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। ट्रंप ने संकेत दिया है कि वाशिंगटन अगले दो हफ्तों के भीतर ईरान पर 'पूर्ण विजय' का ऐलान कर देगा। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब बीते दिन ईरान और इजरायल के बीच हुए ताजा मिसाइल हमलों ने शांति वार्ताओं को खटाई में डाल दिया।

साउथ कैरोलिना के सीनेटर लिंडसे ग्राहम के लिए एक टेली-रैली को संबोधित करते हुए इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि कल के मिसाइल हमलों के बावजूद दोनों पक्ष अभी भी बातचीत की मेज पर हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने दावा किया कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर रोक लगाने सहित 'हमें सब कुछ देने' के लिए तैयार है।

'दो हफ्ते में सब खत्म हो जाएगा और गिरेंगे तेल के दाम'


डोनाल्ड ट्रंप ने रैली में बेहद आश्वस्त लहजे में कहा, 'मुझे लगता है कि हम यह लड़ाई जीत रहे हैं, लेकिन आप वास्तव में अगले दो हफ्तों में इसे पूरी तरह जीत लेंगे जब हम पूर्ण विजय की घोषणा करेंगे। यह एक संपूर्ण जीत होगी। यह बहुत जल्द होने वाला है, और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें औंधे मुंह नीचे गिरेंगी'।

वैसे यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने दो हफ्ते के भीतर युद्ध खत्म करने का ऐसा वादा किया है। इससे पहले, 7 अप्रैल को अमेरिका और ईरान के बीच हुआ शुरुआती युद्धविराम भी केवल दो सप्ताह के लिए ही तय किया गया था, लेकिन अंतिम समझौते को लेकर दोनों देशों के बीच अभी भी बुनियादी मतभेद बने हुए हैं।

नेतन्याहू को ट्रंप की धमकी- 'बीबी, अकेले छोड़ दिए जाओगे'

मिडिल ईस्ट में बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने ट्रंप की कूटनीति की भी परीक्षा ली है। ईरान ने लेबनान में इजरायली हमले के जवाब में इजरायल पर मिसाइलें दागी थीं। इसके बाद ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से इजरायल से रुकने को कहा था, लेकिन इजरायल ने बात न मानते हुए ईरान के ठिकानों पर हमला कर दिया। हालांकि, ट्रंप की सख्त हिदायत के बाद सोमवार को दोनों देशों ने गोलीबारी रोकी, लेकिन तनाव अभी भी चरम पर है।

इसके बाद ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू को फोन पर कड़ी चेतावनी दी। एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा कि अगर इजरायल ने तेहरान पर और हमले किए, तो वह अमेरिका का समर्थन खो देगा। ट्रंप ने कहा, 'मैंने कहा, 'बीबी, बेहतर होगा कि तुम सावधान रहो, नहीं तो बहुत जल्द तुम पूरी दुनिया में अकेले पड़ जाओगे'।

ट्रंप पर गिरती रेटिंग और महंगाई का भारी दबाव

डोनाल्ड ट्रंप पर इस युद्ध को जल्द से जल्द खत्म करने का घरेलू दबाव भी बहुत ज्यादा है। अमेरिका में यह युद्ध जनता के बीच बेहद अलोकप्रिय साबित हो रहा है। युद्ध के 100 दिन पार हो जाने और इसके कारण अमेरिका में ईंधन व पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने अमेरिकी नागरिकों को गुस्से से भर दिया है।

हाल ही में आए रॉयटर्स/इप्सोस के सर्वे में ट्रंप की लोकप्रियता ऐतिहासिक रूप से गिरकर सिर्फ 35 फीसदी रह गई है, जो उनके राजनीतिक करियर के सबसे निचले स्तर (33%) के बेहद करीब है। इसके अलावा, अमेरिका में बढ़ती जीवन यापन लागत को संभालने के ट्रंप के तरीके को करीब 70 फीसदी अमेरिकी जनता ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। यही वजह है कि ट्रंप अब दो हफ्ते के भीतर 'टोटल विक्ट्री' का दावा कर अपनी साख बचाने की कोशिश में जुटे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।