कौन था मोहम्मद ओदेह? अक्टूबर 7 हमले का वो 'मास्टरमाइंड' जिसे इजरायल ने बनाया अपना ताजा शिकार!

Mohammed Odeh Hamas Commander: गाजा सीमा के पास स्थित इजरायली सैन्य ठिकानों, सुरक्षा चक्रों और उनकी पोजिशन्स की पल-पल की खुफिया जानकारी जुटाने का जिम्मा ओदेह के पास ही था। उसी की तैयार की गई सीक्रेट रिपोर्ट्स के आधार पर हमास के लड़ाकों ने इजरायल में घुसपैठ की थी, जिसमें करीब 1200 लोगों की मौत हुई और कई लोगों को बंधक बना लिया गया था

अपडेटेड May 27, 2026 पर 1:14 PM
Story continues below Advertisement
इजरायल ने ओदेह को '7 अक्टूबर के नरसंहार का एक बड़ा सजिशकर्ता' बताया है

Mohammed Odeh Hamas Commander: इजरायल और हमास के युद्द मैदान बने गाजा से इस एक बड़ी खबर आई है। इजरायली सेना ने हमास के सबसे बड़े और सीक्रेट चेहरे मोहम्मद ओदेह को निशाना बनाया है। इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, ओदेह हमास की सैन्य शाखा का नया चीफ और 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए वीभत्स हमलों का मुख्य कूटनीतिक और खुफिया रणनीतिकार था।

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने मंगलवार को एक संयुक्त बयान में ऐलान किया कि उनके सुरक्षा बलों ने गाजा में ओदेह को ढेर करने के लिए एक बड़ा और बेहद गुप्त ऑपरेशन चलाया है। इजरायल ने उसे '7 अक्टूबर के नरसंहार का एक बड़ा सजिशकर्ता' करार दिया है।

हमास की मिलिट्री विंग का नया 'सुप्रीम कमांडर'


इजरायली खुफिया रिपोर्ट्स और अंतरराष्ट्रीय मीडिया के दावों के अनुसार, मोहम्मद ओदेह ने हाल ही में हमास की सबसे खतरनाक सैन्य शाखा 'इज्ज़ अद्-दीन अल-कस्साम ब्रिगेड' की कमान संभाली थी।

इसी महीने की शुरुआत में इजरायली हमलों में हमास के पूर्व मिलिट्री चीफ 'इज्ज़ अल-दीन अल-हदाद' के मारे जाने के बाद ओदेह को इस खूंखार विंग का नया बॉस बनाया गया था।

इजरायली मीडिया का दावा है कि ओदेह हमास के सैन्य पदानुक्रम में बचे हुए कुछ बेहद गिने-चुने और आखिरी शीर्ष कमांडरों में से एक था, जिसके पीछे इजरायली खुफिया एजेंसियां हाथ धोकर पड़ी थीं।

अक्टूबर 7 हमले में 'खुफिया तंत्र मास्टरमाइंड'

इजरायल के आधिकारिक बयानों के मुताबिक, मोहम्मद ओदेह कोई आम कमांडर नहीं था, बल्कि वह हमास का सबसे शातिर दिमाग था। 7 अक्टूबर 2023 को जब हमास ने इजरायल पर अचानक हमला किया था, उस समय ओदेह हमास के पूरे खुफिया तंत्र का नेतृत्व कर रहा था। इसी हमले के बाद गाजा में यह विनाशकारी युद्ध शुरू हुआ था।

गाजा सीमा के पास स्थित इजरायली सैन्य ठिकानों, सुरक्षा चक्रों और उनकी पोजिशन्स की पल-पल की खुफिया जानकारी जुटाने का जिम्मा ओदेह के पास ही था। उसी की तैयार की गई सीक्रेट रिपोर्ट्स के आधार पर हमास के लड़ाकों ने इजरायल में घुसपैठ की थी, जिसमें करीब 1200 लोगों की मौत हुई और कई लोगों को बंधक बना लिया गया था।

रिमाल इलाके में 'सर्जिकल स्ट्राइक' में मारा गया ओदेह

इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद ओदेह को निशाना बनाकर किया गया यह बेहद सटीक और घातक हवाई हमला गाजा सिटी के पॉश इलाके 'रिमाल' में अंजाम दिया गया।

इजरायली सेना के शुरुआती आकलनों और खुफिया सूत्रों का कहना है कि यह सीक्रेट ऑपरेशन पूरी तरह से सफल रहा है और ओदेह इस मलबे में दफन हो चुका है। हालांकि, इस बेहद रहस्यमयी कमांडर के बारे में स्वतंत्र रूप से वेरिफाइड जीवन परिचय बहुत कम उपलब्ध है और हमास ने भी अभी तक आधिकारिक तौर पर उसकी मौत या उसकी नई भूमिका को लेकर कोई पुष्टि नहीं की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।