AI आपकी जॉब खाएगा या आपके लिए नौकरी के नए मौके बनाएगा? NVIDIA के CEO जेंसन हुआंग ने मार्केट की बात बता दी

जेंसन हुआंग ने बिना किसी कंपनी का नाम लिए कॉर्पोरेट जगत के बड़े दिग्गजों पर तीखा हमला बोला। खुद अपनी कंपनी का उदाहरण देते हुए हुआंग ने कहा कि NVIDIA आज भी लगातार नई भर्तियां कर रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी, "अगर आप अपने समय की तकनीक के साथ कदम मिलाकर नहीं चलेंगे, तो आप बस पीछे छूट जाएंगे।"

अपडेटेड May 26, 2026 पर 5:01 PM
AI के नाम पर छंटनी को लेकर क्या बोले NVIDIA के CEO जेंसन हुआंग

आजकल टेक की दुनिया में हर तरफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की चर्चा है। कई बड़ी कंपनियों के मालिक AI का नाम लेकर अपने कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रहे हैं। लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप बनाने वाली कंपनी Nvidia के बॉस जेंसन हुआंग ने इस चलन पर कड़ा ऐतराज जताया है। एक इंटरनेशनल मीडिया चैनल (CNA) से बात करते हुए हुआंग ने कहा कि जो CEOs नौकरियों में कटौती के लिए AI को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वे 'आलसी' हैं और उनकी बातें 'पूरी तरह बकवास' हैं। हुआंग का मानना है कि AI नौकरियां खाएगा नहीं, बल्कि भविष्य में और नए मौके पैदा करेगा।

"छंटनी दो साल पहले की, दोष 6 महीने पुराने AI पर?"

जेंसन हुआंग ने बिना किसी कंपनी का नाम लिए कॉर्पोरेट जगत के बड़े दिग्गजों पर तीखा हमला बोला।


उन्होंने कहा, "AI तो अभी ठीक से आया भी नहीं है, फिर इसके आने से नौकरियां पहले ही कैसे खत्म हो गईं? जो कंपनियां दो साल पहले से लोगों को नौकरी से निकाल रही हैं, वो आज कह रही हैं कि उन्होंने AI की वजह से छंटनी की है, जबकि AI सिर्फ 6 महीने पहले काम के लायक और मददगार बना है। यह बिल्कुल बेतुकी बात है।"

हुआंग ने आगे कहा, "कुछ सीईओ सिर्फ खुद को होशियार और समझदार दिखाने के लिए ऐसा झूठ बोल रहे हैं और मुझे इस बात से सख्त नफरत है। हम बिना बात के लोगों को डरा रहे हैं, जो कि बहुत गैर-जिम्मेदाराना है।"

क्यों डरे हुए हैं लोग?

पिछले कुछ महीनों में कई कंपनियों ने AI में अपना निवेश बढ़ाया है और साथ ही बड़े पैमाने पर कर्मचारियों को निकाला है, जिससे आम लोगों में डर फैल गया है। कुछ बड़े उदाहरणों पर एक नजर डालते हैं-

स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक: हाल ही में इस बैंक के सीईओ बिल विंटर्स ने अगले 4 सालों में 7,000 नौकरियां कम करने की बात कही थी। उन्होंने विवादित बयान देते हुए कहा था कि वे 'कम वैल्यू वाले इंसानों' की जगह टेक्नोलॉजी ला रहे हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने इस बयान के लिए माफी मांग ली।

Meta: खबरों के मुताबिक, फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा भी AI पर होने वाले खर्च की भरपाई करने के लिए अपने करीब 20% कर्मचारियों को निकालने का प्लान बना रही है।

"AI से नहीं, AI जानने वाले इंसान से खतरा है"

नौकरियां जाने के डर पर जेंसन हुआंग ने कर्मचारियों को एक बहुत ही पते की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक से डरने के बजाय उसे सीखना शुरू करें।

कंप्यूटर क्रांति का उदाहरण: हुआंग ने कहा, "आपकी नौकरी AI की वजह से नहीं जाएगी, बल्कि आपकी नौकरी वो इंसान ले जाएगा जो आपसे बेहतर AI चलाना जानता है।" उन्होंने याद दिलाया कि जब देश में कंप्यूटर (PC) आया था, तब कंप्यूटर ने नौकरियां नहीं छीनी थीं, बल्कि वो लोग पीछे छूट गए थे जिन्होंने कंप्यूटर चलाना नहीं सीखा।

अगले 5 साल में बढ़ेंगी नौकरियां: हुआंग ने दावा किया कि AI आने से कंपनियां ज्यादा तेजी से काम करेंगी, जिससे उनका मुनाफा बढ़ेगा। जब कंपनियां बड़ी और मुनाफे वाली बनेंगी, तो वे और ज्यादा लोगों को नौकरियों पर रखेंगी।

खुद अपनी कंपनी का उदाहरण देते हुए हुआंग ने कहा कि एनवीडिया आज भी लगातार नई भर्तियां कर रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी, "अगर आप अपने समय की तकनीक के साथ कदम मिलाकर नहीं चलेंगे, तो आप बस पीछे छूट जाएंगे।"

नेपाल में 60% बढ़ चुके हैं डीजल के दाम, पेट्रोल और LPG भी खूब महंगे, पड़ोसी देश में कुछ ऐसा है महंगाई का हाल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।