Nepal Tourism & Tax Update: नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री सुरेंद्र पांडे ने प्रधानमंत्री बालेन शाह के नेतृत्व वाली सरकार से एक बेहद खास अपील की है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि नेपाल आने वाले भारतीय नागरिकों को सोने के गहनों पर टैक्स देने से पूरी तरह छूट दी जानी चाहिए। पूर्व वित्त मंत्री ने यह सुझाव नेपाल को एक बड़े वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में प्रमोट करने की संभावनाओं को देखते हुए दिया है। आइए जानते हैं कि पूर्व वित्त मंत्री ने सरकार से और क्या-क्या बड़ी मांगें की हैं और मौजूदा समय में सोने को लेकर नेपाल का क्या नियम है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक काठमांडू में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र पांडे ने सरकार को आर्थिक नीतियों को लेकर कई महत्वपूर्ण सलाह दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को न्यूनतम शासन करना चाहिए और मार्केट को पूरी तरह स्वतंत्र रूप से काम करने देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बहुत अधिक सख्त नियम और कानून लागू करने से नेपाल की इकोनॉमी को आगे बढ़ने में मदद नहीं मिलेगी।
वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में नेपाल को प्रमोट करने पर जोर
पूर्व वित्त मंत्री सुरेंद्र पांडे ने नेपाल को एक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की क्षमता पर फोकस करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि भारत से कई लोग नेपाल में शादियां आयोजित करने आ सकते हैं, लेकिन इसके लिए सरकार को एक बड़ा कदम उठाना होगा। सरकार को नेपाल आने वाले भारतीय पर्यटकों और मेहमानों द्वारा पहने जाने वाले सोने के गहनों पर टैक्स वसूलना बंद करना होगा और उन्हें इससे छूट देनी होगी।
सोने और चांदी के गहनों को लेकर क्या है नेपाल का मौजूदा नियम?
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक हवाई मार्ग से नेपाल पहुंचने वाले विदेशी यात्रियों को अपने साथ अधिकतम 50 ग्राम सोने के गहने लाने की अनुमति है। इसके अलावा वे अपने साथ 100 ग्राम चांदी के गहने भी बिना किसी कस्टम ड्यूटी दिए ला सकते हैं। हालांकि इसके लिए यह शर्त अनिवार्य है कि यात्रियों को अपनी वापसी के समय इन गहनों को वापस अपने साथ ले जाना होगा।
भारतीय गाड़ियों की एंट्री आसान करने की सलाह
आपको बता दें कि टूरिज्म नेपाल की इकोनॉमी के लिए बेहद अहम है और यह देश के लिए विदेशी मुद्रा और राजस्व का भी एक बहुत बड़ा सोर्स है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व वित्त मंत्री सुरेंद्र पांडे ने बालेन शाह सरकार को सलाह दी है कि नेपाल को भारत और चीन के पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से विशेष टूरिज्म पैकेज तैयार करने चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने नेपाल में पर्यटन को और अधिक बढ़ावा देने के लिए भारत से आने वाले वाहनों की एंट्री को पूरी तरह से हैसल-फ्री यानी बिना किसी परेशानी और रुकावट के सुगम बनाने का भी पुरजोर आग्रह किया है।