टाटा ग्रुप (Tata Group) की एयरलाइन एयर इंडिया (Air India) ने अपने केबिन और कॉकपिट क्रू के लिए नई यूनिफॉर्म लॉन्च की है। इसे जानेमाने फैशन डिजायनर मनीष मल्होत्रा ने तैयार किया है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि नई यूनिफॉर्म अगले कुछ महीनों में इस्तेमाल में लाई जाएगी। इसे सबसे पहले देश के पहले Airbus A350 एयरक्राफ्ट के चालक दल सदस्यों को दिया जाएगा।
एयर इंडिया के CEO का बयान
एयर इंडिया के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) कैम्पबेल विल्सन ने कहा, “एयर इंडिया की क्रू यूनिफॉर्म एविएशन हिस्ट्री में दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित यूनिफॉर्म में से एक है। और हमें पूरा भरोसा है कि मनीष मल्होत्रा का इनोवेटिव पहनावा एयर इंडिया के भविष्य की कहानी के लिए रोमांचक और नया अध्याय लिखेगा।” उन्होंने कहा, क्रू की नई यूनिफॉर्म एयरलाइन की नई पहचान को पूरी तरह से दर्शाती है।
एयर इंडिया ने दावा किया कि नई यूनिफॉर्म के डिजाइन उसके केबिन क्रू रिप्रेजेंटेटिव और एयरलाइन की इन-फ्लाइट सर्विस टीम की सलाह से तैयार किए गए। नए डिजाइनों के लिए बड़े स्तर पर टेस्टिंग एक्सरसाइज भी किया गया।
कॉकपिट क्रू की यूनिफॉर्म में विस्टा से प्रेरित प्रिंट वाला एक क्लासिक ब्लैक डबल-ब्रेस्टेड सूट है, जो प्रोफेशनलिज्म, टाइमलेसनेस और फ्लाइंग प्रोफेशन की गंभीरता को दिखाता है। मल्होत्रा ने कहा कि यूनिफॉर्म बनाने के पीछे का मकसद भारत की विविध संस्कृति और परंपराओं को दिखाना और साथ ही एक मॉडर्न और सोफिस्टिकेटेड लुक देना है।