Delhi AQI: देश की राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक में आज यानी 19 नवंबर 2023 को मामूली सुधार देखने को मिला है। हालांकि अभी बहुत खराब श्रेणी में है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (System of Air Quality and Weather Forecasting And Research - SAFAR) के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सुबह 6 बजे AQI 317 था। कल (18 नवंबर) को राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता 340 थी। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार अगले 6 दिनों तक हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में ही बनी रहेगी। फिलहाल हवा की गुणवत्ता पहले की तरह गंभीर श्रेणी में पहुंचने की आशंका नहीं है।
SAFAR के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली विश्वविद्यालय में AQI 203, पूसा में AQI 169, लोधी रोड में AQI 167, IIT दिल्ली में 193, दिल्ली एयरपोर्ट में 193, वहीं मथुरा और धीरपुर जैसे इलाको में AQI 208 के करीब है। खराब श्रेणी में हवा दर्ज की गई है। दरअसल, शून्य और 50 के बीच एक AQI को अच्छा, 51 और 100 के बीच संतोषजनक, 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बहुत खराब, 401 और 450 के बीच गंभीर और 450 से ऊपर गंभीर प्लस माना जाता है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
रविवार को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक रह सकता है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर 20 नवंबर से थोड़ा कम हो जाएगा। इसकी वजह से तापमान कम होगा। 20 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद 21 से 24 नवंबर तक अधिकतम तापमान 26 से 27 और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर इस समय एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस चल रहा है। लेकिन यह कमजोर है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद ही दिल्ली एनसीआर में ठंड बढ़ती है।
शनिवार को दिल्ली-NCR का AQI
फरीदाबाद में AQI 398, फरीदाबाद के सेक्टर 11 में AQI 353, गाजियाबाद के लोनी में AQI 312, संजय नगर में 239, वसुंधरा में 298, नोएडा सेक्टर 125 में AQI 125, नोएडा सेक्टर 62 में AQI 281, ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क 3 में 220 दर्ज किया गया है। बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली में AQI 404 दर्ज किया गया था।