Coronavirus Updates: देश में कोरोना वायरस संक्रमण का खतरा फिर से तेजी से बढ़ने लगा है। आज यानी 20 दिसंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 341 नए मामले सामने आए है। वहीं इस दौरान केरल में 292 केस सामने आए हैं। यानी देश में जो 341 नए मामले सामने आए हैं। उनमें 292 केस केरल में दर्ज किए गए हैं। केरल में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 3 लोगों की मौत हो गई है।
केरल में एक्टिव मामले बढ़कर 2,041 हो गए हैं। केरल में अब तक कोरोना वायरस से कुल 72,056 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें तीन साल पहले के भी आंकड़े शामिल हैं।
जानिए किस राज्य में कितने आए नए मामले
केरल में 292 नए केस सामने आए हैं। वहीं तमिलनाडु में 13, महाराष्ट्र में 11, कर्नाटक में 9, तेलंगाना और पुडुचेरी में 4, दिल्ली और गुजरात में 3 और पंजाब और गोवा में एक संक्रमित मरीज सामने आया है। केरल में एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज सामने आए हैं। केरल की स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री वीना जॉर्ज ने एक बयान में कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता करने की कोई बात नहीं है। कोरोना वायरस से निपटने के लिए राज्य पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने आगे कहा कि अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, ऑक्सीजन बेड, ICU बड और वेंटिलेटर की सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एक दिन में 224 मरीज हुए ठीक
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमित 224 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं अब तक कुल 68,37203 मरीज ठीक हो चुके हैं। देश में कोविड-19 के मामलों में हाल ही में काफी बढ़ोतरी देखी गई है। में दिल्ली के डॉक्टरों ने लोगों को मास्क पहनने, भीड़भाड़ से बचने और हेल्दी डाइट लेने की सलाह दी है। क्रिसमस और नए साल के आने के करीब कोरोना वायरस के नए वैरिएंट JN.1 के मरीज तेजी से बढ़ने लगे हैं।
नए वैरिएंट से घबराने की जरूरत नहीं – केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया 20 दिसंबर को स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच घबराने की कोई बात नहीं है। लेकिन सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। जिसमें स्वास्थ्य सुविधायों की तैयारियों को लेकर जायजा लिया।