Weather Updates: पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड के दौर से गुजर रहा है। लोग ठिठुर रहे हैं। ठंड से बचने के लिए बहुत से आग का सहारा ले रहे हैं। कई जगह अलाव जल रहे हैं। पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्य कोहरे और ठंड की मार झेल रहे हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के कुल जिलों में बारिश का भी अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार (01 जनवरी 2024) को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर घना कोहरा और ठंडा दिन होने की उम्मीद जताई गई है।
इसके अलावा बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, सहारनपुर और शामली में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार है। बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और उसके आसपास के इलाकों में कोल्ड डे की आशंका जताई गई है।
यूपी के इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। जिससे सोमवार और मंगलवार यानी एक और दो जनवरी को चित्रकूट, बांदा और प्रयागराज समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया हैय़ यहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। प्रदेश में फिलहाल अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। सूबे में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में घने कोहरे का आरेंज अलर्ट
श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल एवं आसपास इलाकों में घना कुहरा छाये रहने की संभावना है. इसी कड़ी में आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, कासगंज, बदायूं एवं आसपास इलाकों में कुहरा होने के आसार हैं।
देश की राजधानी दिल्ली में नए साल के हफ्ते में हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा। वहीं, तापमान की बात करें तो दिल्ली में आज यानी 1 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। हरियाणा में भी कड़ाके की ठंड की स्थिति जारी रहने की संभावना है। IMD के मुताबिक, हरियाणा के 11 जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है। हरियाणा में अंबाला, करनाल, कुरूक्षेत्र, कैथल, रोहतक सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जिंद को रेड अलर्ट जारी किया गया है।