Shiva Cement share price : शिवा सीमेंट (Shiva Cement) के शेयरों में आज 11 जनवरी को 18.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली। इसकी मूल कंपनी जेएसडब्ल्यू सीमेंट (JSW Cement) आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। JSW Cement की 6,000 करोड़ रुपये की इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग लाने की योजना की खबरों के बाजार में आने से बाद आज इस स्टॉक ने रफ्तार पकडी और 18 प्रतिशत से ज्यादा ऊपर चढ़ गया। बता दें कि मनीकंट्रोल (Moneycontrol) ने बुधवार 10 जनवरी को कई स्रोतों का हवाला देते हुए सबसे पहले इस बारे में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि जेएसडब्ल्यू ग्रुप ने अपनी ग्रुप कंपनी जेएसडब्ल्यू सीमेंट के आईपीओ की तैयारी के तहत निवेश बैंकरों को जोड़ना शुरू किया है।
एक सूत्र ने कहा, "फिलहाल, आईपीओ के जरिये 6,000 करोड़ रुपये तक जुटाने का लक्ष्य है। कंपनी के ग्रोथ कैपिटल और फंडिंग के साथ ही कंपनी की आक्रामक विस्तार योजनाओं के लिए फंड जुटाने की तैयारी चल रही है।" सूत्र ने यह भी कहा कि शेयर के साइज पर अभी तक अंतिम निर्णय नहीं किया गया है।
अपनी मूल कंपनी के लिए संभावित आईपीओ की खबर से उत्साहित होकर दोपहर 12.27 बजे शिवा सीमेंट (Shiva Cement) के शेयर एनएसई (NSE) पर अपने दिन के उच्चतम स्तर से नीचे आने के बावजूद लगभग 16 प्रतिशत बढ़कर 59.75 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।
वॉल्यूम में भी दिखी बढ़ोत्तरी
22 लाख शेयरों में खरीद-फरोख्त होने से काउंटर में वॉल्यूम भी बढ़ गया। ये वॉल्यूम एक महीने के दैनिक कारोबार के औसत 2 लाख शेयरों से काफी अधिक है।
यदि जेएसडब्ल्यू सीमेंट की लिस्टिंग योजना सफल होती है, तो यह अगस्त 2021 में निरमा समूह (Nirma group) के सपोर्ट वाले नुवोको विस्टास (Nuvoco Vistas) के 5,000 करोड़ रुपये के आईपीओ के बाद सीमेंट सेक्टर का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है।
जेएसडब्ल्यू सीमेंट को लिस्ट करने की योजना भी जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर (JSW Infrastructure) की हालिया लिस्टिंग के बाद आई है। ये 13 वर्षों में ग्रुप का पहला आईपीओ था।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)