कृषि और खाद्य क्षेत्र की दिग्गज कंपनी न्यूट्रीफ्रेश ने गुरुवार को बताया कि वह मार्च 2028 तक बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में लगभग 150 एकड़ के क्लाइमेट-कंट्रोल्ड (climate-controlled) फार्म तैयार करेगी। इसमें किसान साझेदारों के योगदान सहित कुल 200-225 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा कि न्यूट्रीफ्रेश अपनी खुद की पूंजी से 75 करोड़ रुपये तक का निवेश करने की इच्छा रखती है,जबकि बाकी रकम उसके किसान साझेदारों की ओर से आएगी।
तीन शहरों में 100 एकड़ से ज्यादा जमीन और जोड़ने की योजना
यह कंपनी पहले से ही बेंगलुरु में 25 एकड़ जमीन पर खेती कर रही है और अब हैदराबाद में भी अपना विस्तार कर रही है। यहां मार्च 2027 तक 25 एकड़ और जमीन जुड़ने की उम्मीद है, जिससे दक्षिण भारत में इसका कुल दायरा 50 एकड़ हो जाएगा। कंपनी की योजना अप्रैल 2027 से मार्च 2028 के बीच इन तीन शहरों में 100 एकड़ से ज्यादा जमीन और जोड़ने की है।
यह पैसा नर्सरी और फसल कटाई के बाद के बुनियादी ढांचे पर खर्च किया जाएगा। मेन या सेंट्रल नर्सरी खेतों को पौधे उपलब्ध कराएंगी, जबकि रणनीतिक स्थानों पर बने वितरण केंद्र छंटाई, ग्रेडिंग और पैकेजिंग का काम संभालेंगे। खेती अलग-अलग खेतों में की जाएगी।
'हब-एंड-स्पोक'मॉडल से घटेगी उत्पादन लागत
कंपनी ने बताया कि उसका'हब-एंड-स्पोक'मॉडल उत्पादन को उस क्षेत्र के सबसे बड़े खपत केंद्रों के करीब लाने की सुविधा देता है। इसे परिवहन लागत और कार्बन उत्सर्जन को कम करने तथा साल भर आपूर्ति को बनाए रखने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
न्यूट्रिफ्रेश के पास लगभग 200 एकड़ की अपनी ज़मीन है और इसके नेटवर्क में किसानों की लगभग 50 एकड़ ज़मीन शामिल है। इसके अलावा, 100 एकड़ से ज्यादा जमीन पर अभी काम चल रहा है।
विकास के अधीन इस जमीन में से लगभग 60 एकड़ में पॉलीहाउस हाइड्रोपोनिक्स तकनीक का इस्तेमाल होगा, जबकि बाकी जमीन पर पॉलीहाउस में मिट्टी के ज़रिए खेती की जाएगी।
कंपनी के विस्तार से पैदा होंगी नई नौकरियां
बताते चले कि न्यूट्रिफ्रेश 100 से ज़्यादा ग्राहकों को 100 से ज़्यादा तरह के ताज़े फल-सब्ज़ियां और साग-पात बेचती है। इन ग्राहकों में स्विगी, ज़ेप्टो, बिगबास्केट और रिलायंस फ्रेश शामिल हैं। कंपनी मर्चेंट एक्सपोर्टर्स को भी सामान सप्लाई करती है, हालांकि घरेलू बाज़ार इसकी प्राथमिकता सूचि में है।
न्यूट्रिफ़्रेश में 833 लोग काम करते हैं, जिनमें से 65 प्रतिशत महिलाएं हैं। खेत के स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत है। कंपनी का कहना है कि इस विस्तार से खेती के कामकाज,लॉजिस्टिक्स और डिस्ट्रीब्यूशन के क्षेत्रों में नई नौकरियां पैदा होंगी।
कंपनी के चीफ एक्जीक्यूटिव संकेत मेहता ने इस क्षेत्र के सूक्ष्म जलवायु (माइक्रो-क्लाइमेट) और टेक्निकल इकोसिस्टम का जिक्र करते हुए कहा,"दक्षिण भारत, न्यूट्रीफ्रेश के लिए एक रणनीतिक माइल स्टोन है। हमारा फोकस लाभकारी विकास और भारतीय उपभोक्ताओं के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले ताजे उत्पादों की भरोसेमंद आपूर्ति बनाए रखने पर है।"
कंपनी के को-फाउंडर और चीफ फाइनेंस ऑफिसर गणेश निकम ने कहा कि नियंत्रित वातावरण में खेती करने से खुले खेतों में होने वाली खेती से जुड़े जलवायु संबंधी जोखिम कम हो जाते हैं और साल भर लगातार पैदावार मिलती है।