Tata Motors Price Hike: अगर आप टाटा की गाड़ियों में दिलचस्पी रखते है या खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आपको झटका लग सकता है। दरअसल, Tata Motors Passenger Vehicles (TMPV) 1 जुलाई, 2026 से अपनी सभी पैसेंजर गाड़ियों (ICE और EV दोनों) की कीमतों में 1.5% तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। यह इस साल कंपनी की ओर से कीमतों में की गई दूसरी बढ़ोतरी होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि ऑटो कंपनियां लगातार बढ़ती लागत से जूझ रही हैं।
वहीं, कीमतों में यह बढ़ोतरी टाटा मोटर्स की पूरी पैसेंजर कार रेंज पर लागू होगी, लेकिन हर मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से दरें अलग-अलग हो सकती है। कंपनी का कहना है कि यह फैसला बढ़ती इनपुट लागत और लगातार बनी हुई महंगाई के दबाव को कम करने के लिए लिया गया है। हालांकि, कंपनी अब भी लागत का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही है।
पहले भी बढ़ चुकी हैं कीमतें
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब कार बनाने वाली कंपनी ने अपनी पारंपरिक और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की कीमतों में बदलाव किया है। जनवरी 2025 में, टाटा मोटर्स ने मैन्युफैक्चरिंग की बढ़ती लागत की भरपाई के लिए अपनी पैसेंजर गाड़ियों (जिनमें EV भी शामिल हैं) की कीमतों में 3% तक की बढ़ोतरी की थी।
सभी गाड़ियों पर लागू होंगी नई कीमतें
1 जुलाई से होने वाला यह बदलाव टाटा मोटर्स की सभी तरह की गाड़ियों पर लागू होगा, जिनमें हैचबैक, सेडान, SUV और इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल हैं। देश की प्रमुख EV बनाने वाली कंपनियों में से एक होने के नाते, टाटा मोटर्स भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ी बाजार में अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए है, जबकि ऑटोमोटिव सेक्टर में कॉम्पिटिशन और लागत का दबाव बना हुआ है।
दूसरी कार कंपनियों ने भी कीमत बढ़ाने का किया था ऐलान
गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में, दूसरी कार कंपनियों ने भी कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया था। मारुति सुजुकी ने कहा कि वह जून से गाड़ियों की कीमतें 30,000 रुपये तक बढ़ाएगी, जबकि हुंडई मोटर इंडिया ने 1 जून से कीमतें बढ़ा दीं।