JLR के लिए भारत एक प्रमुख ग्रोथ मार्केट, 2027 में लॉन्च करेगी पहला EV

JLR India के पोर्टफोलियो में फिलहाल कोई इलेक्ट्रिक व्हीकल नहीं है। कंपनी शुरुआत में इलेक्ट्रिक मॉडल्स को आयात कर बाजार में उनकी प्रतिक्रिया परखने की योजना बना रही है। EV लॉन्च के अलावा JLR रिटेल नेटवर्क बढ़ाकर और ग्राहकों की पहुंच बेहतर बनाकर भारत में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है

अपडेटेड Nov 10, 2026 पर 4:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
JLR की योजना प्रीमियम EV स्पेस में उभरते अवसरों का लाभ उठाने की है।

जगुआर लैंड रोवर (JLR) भारत को ग्रोथ के प्रमुख बाजार के रूप में देखती है। कंपनी भारत में अपना पहला इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) 2027 में पेश करने की योजना बना रही है। इसमें रेंज रोवर इलेक्ट्रिक और रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक शामिल हैं। यह बात कंपनी के इंडिया मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) राजन अंबा ने कही है। JLR की योजना प्रीमियम EV स्पेस में उभरते अवसरों का लाभ उठाने की है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अंबा ने एक इंटरव्यू में कहा कि कंपनी अगले साल नई Jaguar GT भी पेश करेगी। ये व्हीकल अलग-अलग समय पर बाजार में उतारे जाएंगे। JLR के लिए भारतीय EV बाजार में एंट्री करने का यह सही समय है और भविष्य EV का ही है।

JLR India के पोर्टफोलियो में फिलहाल कोई इलेक्ट्रिक व्हीकल नहीं है। लेकिन कंपनी EV बाजार में प्रीमियम और अधिक किफायती, दोनों श्रेणियों में पिछले एक साल के दौरान दिखी वृद्धि से उत्साहित है। कंपनी शुरुआत में इलेक्ट्रिक मॉडल्स को आयात कर बाजार में उनकी प्रतिक्रिया परखने की योजना बना रही है।


EV अपनाने की रफ्तार अलग-अलग देशों में अलग-अलग

रिपोर्ट के मुताबिक, अंबा ने कहा, ‘‘हमने देखा है कि अधिक किफायती श्रेणी के ब्रांड्स को भी फायदा हुआ है और मुझे लगता है कि हमें भी इससे काफी लाभ मिलना चाहिए।’’ उन्होंने यह भी कहा कि भारत में JLR के इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को कैसी प्रतिक्रिया मिलेगी, इस बारे में निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगी, क्योंकि कंपनी पहली बार इस सेगमेंट में प्रवेश करेगी। EV को अपनाने की रफ्तार अलग-अलग देशों और उपभोक्ता समूहों में अलग-अलग है। खरीदारों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और रीसेल वैल्यू अब भी महत्वपूर्ण फैक्टर हैं।

अंबा के मुताबिक, ‘‘इंफ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर अभी काफी काम किया जाना बाकी है। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और पुरानी गाड़ी को बेचने पर मिलने वाली कीमत के लिहाज से ग्राहकों को काफी भरोसा दिलाने की जरूरत है। हालांकि, इंफ्रास्ट्रक्चर और रीसेल वैल्यू, दोनों के मामले में सुधार हो रहा है।’’

बढ़ाना है रिटेल नेटवर्क

आगामी इलेक्ट्रिक व्हीकल लॉन्चेस के अलावा JLR रिटेल नेटवर्क को बढ़ाकर और ग्राहकों की पहुंच बेहतर बनाकर भारत में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है। कंपनी को इस साल के अंत तक अपने रिटेल आउटलेट्स की संख्या एक साल पहले के 25 से बढ़कर 40 होने की उम्मीद है। भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के प्रभाव पर अंबा ने कहा कि कुछ मॉडल्स की कीमतें घटाए जाने के बाद कंपनी ने मांग में तेजी देखी है।

 

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।