भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी एथर एनर्जी के इलेक्ट्रिक स्कूटर अब कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (CSD) के जरिए खरीदे जा सकेंगे। रक्षा मंत्रालय के कैंटीन पोर्टल पर एथर के स्कूटरों की लिस्टिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इनकी बिक्री सितंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। हमारी सहयोगी वेबसाइट CNBC TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक एथर एनर्जी CSD प्लेटफॉर्म पर अपने प्रोडक्ट्स को लिस्ट कराने वाली भारत की पहली दो प्योर-प्ले इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी में से एक बन गई है।
कैंटीन से खरीदारी पर मिलेगी बंपर छूट: GST लाभ और कंपनी डिस्काउंट
CSD पोर्टल के जरिए पात्र सैन्यकर्मी एथर के लिस्टेड स्कूटरों की खरीदारी कर सकेंगे। CSD के जरिए खरीदारी करने पर मिलने वाले तय जीएसटी फायदों के अलावा एथर एनर्जी अपनी तरफ से भी इन गाड़ियों पर विशेष कंपनी डिस्काउंट भी देगी। यानी सैन्यकर्मियों को CSD के रियायती टैक्स स्ट्रक्चर का लाभ तो मिलेगा ही, साथ ही एथर द्वारा दिए जा रहे स्पेशल डिस्काउंट से गाड़ियों की ऑन-रोड कीमत काफी कम हो जाएगी। इससे उन्हें भारी बचत होगी।
450 और Rizta सीरीज के 8 वैरिएंट शामिल, 450 Apex को नहीं मिली जगह
एथर एनर्जी ने अपने पोर्टफोलियो की दो मुख्य रेंजों 450 सीरीज और रिज्टा सीरीज के कुल 8 वैरिएंट्स को CSD प्लेटफॉर्म पर लिस्टेड किया है। कंपनी के फ्लैगशिप और टॉप-परफॉर्मिंग मॉडल एथर 450 एपेक्स को इस लिस्टिंग में शामिल नहीं किया गया है। सैन्यकर्मी अपनी जरूरतों के हिसाब से इन दो अलग-अलग कैटेगरी के मॉडल में से चुन सकते हैं।
एथर एनर्जी के चीफ बिजनेस ऑफिसर (CBO) रवनीत सिंह फोकेला ने CSD के साथ इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि सशस्त्र बल समुदाय तक अपने स्कूटरों को पहुंचाना कंपनी के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है। CSD प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होने वाले शुरुआती प्योर-प्ले इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड्स में शामिल होना बेहद खास है।
जानिए एथर एनर्जी का पोर्टफोलियो
2013 में तरुण मेहता और स्वप्निल जैन द्वारा स्थापित एथर एनर्जी ने 2018 में अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में उतारा था। अभी कंपनी के पास दो मुख्य प्रोडक्ट लाइन हैं। एथर 450 सीरीज और 2024 में लॉन्च की गई एथर रिज्टा सीरीज। कुल मिलाकर इन दोनों सीरीज के तहत कंपनी के 9 वैरिएंट बाजार में आते हैं। इनमें से 8 अब CSD पर उपलब्ध होंगे।