Renault Duster Adventure Edition: अगर आप एक नई फैमिली कार लेने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, Renault India ने अपनी SUV Duster का नया Adventure Edition लॉन्च किया है। यह खास वर्जन भारत में Duster की पुरानी पहचान और लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया है। इस SUV की शुरुआती कीमत 12.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। बता दें कि यह नया एडिशन Nissan के Tekton को पेश करने के कुछ ही दिनों बाद आया है, जिससे मिड-साइज SUV सेगमेंट में हलचल बढ़ गई है।
Adventure Edition में कुछ ऐसे विज़ुअल टच दिए गए हैं, जो इसे स्टैंडर्ड SUV से अलग बनाते हैं। इनमें खास 'Adventure' डिकल्स शामिल हैं, जिन पर टोपोग्राफिकल कंटूर लाइनें और लेह के कोऑर्डिनेट्स (34.27 N, 77.60 E) बने हैं। ये उस तरह के इलाके की ओर इशारा करते हैं जिनसे भारत में Duster की पहचान जुड़ी हुई है।
इस SUV में 'Adventure' स्टाइलिंग एलिमेंट्स और 'Adventure' फ्लोर मैट्स भी मिलते हैं। Renault ने इन खूबियों के साथ कई खास फीचर्स भी दिए हैं, जैसे- फुल LED हेडलैम्प्स, इलेक्ट्रिक पैनोरमिक सनरूफ, इलेक्ट्रिक टेलगेट, 'My Renault' ऐप के जरिए कनेक्टेड कार सर्विसेज, ऑटोमैटिक डुअल-जोन एयर कंडीशनिंग, 10.1-इंच का openR लिंक मल्टीमीडिया सिस्टम और 17-इंच के ओशन अलॉय व्हील्स।
Renault Duster Adventure Edition तीन इंजन और ट्रांसमिशन कॉम्बिनेशन के साथ मार्केट में उपलब्ध है। इसकी रेंज Turbo TCe 100 MT से शुरू होती है, जिसकी कीमत ₹12.99 लाख है। जबिक Turbo TCe 160 MT की कीमत ₹13.99 लाख और Turbo TCe 160 DCT की कीमत ₹15.39 लाख है।
इंजन की बात करें तो, इस SUV में 1.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 100 hp की पावर और 160 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। वहीं, इसका बड़ा 1.3 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन 163 hp की पावर और 280 Nm का टॉर्क देता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक (DCT) गियरबॉक्स दोनों विकल्पों में उपलब्ध है।
Duster लंबे समय से भारतीय बाजार में एक ऐसी SUV के तौर पर जानी जाती है जो अपनी राइड क्वालिटी, हैंडलिंग और अलग-अलग तरह की सड़कों पर चलने की क्षमता के लिए मशहूर है। Renault का कहना है कि 'Adventure Edition' इसी खासियत को दिखाता है और साथ ही उन ग्राहकों के अनुभवों और यादों को भी दर्शाता है, जिनकी जिंदगी के सफर में Duster ने कई सालों तक अहम भूमिका निभाई है।
बता दें कि इस SUV को नई दिल्ली में 'बैस्टिल डे' के मौके पर लॉन्च किया गया है। इस कार्यक्रम में भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू और Renault Group India के CEO स्टीफन डेबलेस शामिल हुए। इस खास मौके पर Renault ने अपनी फ्रेंच पहचान और भारत में Duster की खास विरासत को भी दिखाया।