Ferrari Luce: फेरारी ने लॉन्च की पहली इलेक्ट्रिक कार, 2.5 सेकंड में 100 की रफ्तार पकड़ेगी ये सुपरकार...जानें पूरा फीचर्स
Ferrari Luce: कंपनी के मुताबिक, यह कार 1,050 cv यानी करीब 1,036 हॉर्सपावर की ताकत देती है। यह सिर्फ 2.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा और 6.8 सेकंड में 0 से 200 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। फेरारी लूसे (Ferrari Luce) की टॉप स्पीड 310 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा है। वहीं, एक बार फुल चार्ज होने पर यह कार 530 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय कर सकती है
फेरारी ने अपनी पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार फेरारी लूसे (Ferrari Luce) लॉन्च कर दी है।
फेरारी ने अपनी पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार फेरारी लूसे (Ferrari Luce) लॉन्च कर दी है। इटली की इस मशहूर कंपनी ने कहा है कि यह मॉडल उसके डिजाइन, इंजीनियरिंग और परफॉर्मेंस के इतिहास में एक नए दौर की शुरुआत है। फेरारी लूसे (Ferrari Luce) को खास इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें चार इलेक्ट्रिक मोटर, 122 kWh की बड़ी बैटरी, ऑल-व्हील ड्राइव, फोर-व्हील स्टीयरिंग और एक्टिव सस्पेंशन जैसे कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं।
कार की इतनी होगी रफ्तार
कंपनी के मुताबिक, यह कार 1,050 cv यानी करीब 1,036 हॉर्सपावर की ताकत देती है। यह सिर्फ 2.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा और 6.8 सेकंड में 0 से 200 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। फेरारी लूसे (Ferrari Luce) की टॉप स्पीड 310 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा है। वहीं, एक बार फुल चार्ज होने पर यह कार 530 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय कर सकती है।
फेरारी का मल्टी-एनर्जी स्ट्रेटजी
फेरारी लूसे (Ferrari Luce) कंपनी की “मल्टी-एनर्जी स्ट्रेटजी” का हिस्सा है। फेरारी ने पहली बार इस योजना के बारे में साल 2022 के कैपिटल मार्केट्स डे इवेंट में जानकारी दी थी। कंपनी का कहना है कि इलेक्ट्रिक तकनीक आने से फेरारी की कारों के डिजाइन, परफॉर्मेंस और नई तकनीक को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनी अपने पेट्रोल इंजन या हाइब्रिड मॉडल बंद कर देगी।
फेरारी ने कहा कि फेरारी लूसे (Ferrari Luce) , मरनेल्लो (Maranello) की मल्टी-एनर्जी स्ट्रेटजी का अहम हिस्सा है। कंपनी के मुताबिक, इलेक्ट्रिफिकेशन सिर्फ एक नया विकल्प है, जिससे कारों की ताकत, डिजाइन और ड्राइविंग अनुभव को और शानदार बनाया जा सकता है, बिना मौजूदा इंजनों को हटाए। यह प्रोजेक्ट फेरारी के लिए डिजाइन की दुनिया में भी एक बड़ा कदम माना जा रहा है। फेरारी लूसे (Ferrari Luce) को मशहूर क्रिएटिव ग्रुप LoveFrom के साथ मिलकर तैयार किया गया है।
इस ग्रुप की अगुवाई Apple के पूर्व डिजाइन प्रमुख जॉनी आइव और इंडस्ट्रियल डिजाइनर मार्क न्यूज़न कर रहे हैं। Ferrari का कहना है कि इस साझेदारी के जरिए कंपनी ने अपनी कारों के लिए एक बिल्कुल नई डिजाइन स्टाइल पेश की है। इस कार की सबसे खास बात इसका नया “शेल जैसा” ग्लास डिजाइन है, जिसे फेरारी ने खास नाम दिया है। कार का आगे और पीछे का हिस्सा ऐसा बनाया गया है कि हवा आसानी से कट सके, जिससे इसकी स्पीड और परफॉर्मेंस बेहतर होती है।
इस कार में हैं ये शानदार फीचर्स
इस इलेक्ट्रिक कार में आगे और पीछे पारदर्शी लाइट पैनल दिए गए हैं, जो इसे बेहद आधुनिक लुक देते हैं। वहीं, इसकी “हेलो” स्टाइल टेललाइट का डिजाइन Ferrari 360 Modena और Ferrari 458 Italia जैसी मशहूर कारों से प्रेरित है। Ferrari Luce में आगे 23 इंच और पीछे 24 इंच के बड़े पहिये लगाए गए हैं। कंपनी का दावा है कि किसी भी Ferrari रोड कार में पहली बार इतना बड़ा और अलग-अलग साइज़ का व्हील सेटअप दिया गया है।
कार के अंदर Ferrari ने बेहद साफ और सिंपल डिजाइन दिया है। इसमें 5 लोगों के बैठने की जगह और 4 दरवाजों वाला लेआउट दिया गया है। Ferrari के इतिहास में पहली बार किसी कार में ऐसा डिजाइन देखने को मिला है। कंपनी के मुताबिक, इस इलेक्ट्रिक कार में पुराने मैकेनिकल बटन, स्विच और डायल को आधुनिक डिजिटल डिस्प्ले के साथ जोड़ा गया है। इन डिस्प्ले को Samsung Display के साथ मिलकर तैयार किया गया है।
कार के केबिन में रीसायकल किया गया एनोडाइज्ड एल्युमीनियम, मजबूत Corning Gorilla Glass और प्रीमियम लेदर जैसे शानदार मटीरियल का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसका इंटीरियर काफी लग्जरी और आधुनिक दिखाई देता है। Ferrari Luce में चार खास इलेक्ट्रिक मोटर दी गई हैं, जो F80 तकनीक पर आधारित हैं। कार के हर पहिये में अलग मोटर लगी है, जिससे सभी पहियों को अलग-अलग तरीके से कंट्रोल किया जा सकता है। इससे कार की पकड़, बैलेंस और परफॉर्मेंस बेहतर होती है।
इस सिस्टम में रियल-टाइम टॉर्क वेक्टरिंग, अलग-अलग व्हील कंट्रोल और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग जैसी आधुनिक तकनीक दी गई है। आसान भाषा में कहें तो कार जरूरत के हिसाब से हर पहिये तक ताकत पहुंचा सकती है और ब्रेक लगाने के दौरान बैटरी भी चार्ज होती रहती है। Ferrari ने बताया कि इस कार का 800 वोल्ट इलेक्ट्रिकल सिस्टम 350 kW तक की DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है, जिससे बैटरी काफी तेजी से चार्ज हो सकती है।
कार में टॉर्क मैनेजमेंट सिस्टम
Luce में Ferrari ने कई नई तकनीकों का इस्तेमाल किया है। इसमें इलेक्ट्रिक ऑल-व्हील ड्राइव, नई Vehicle Control Unit (VCU), एक्टिव एयरोडायनामिक ग्रिल और स्टीयरिंग पर लगे पैडल से चलने वाला खास टॉर्क मैनेजमेंट सिस्टम दिया गया है। Ferrari ने कहा है कि इस इलेक्ट्रिक कार की आवाज़ को भी खास तरीके से तैयार किया गया है, ताकि ड्राइविंग का असली एहसास बना रहे। कंपनी ने इसमें नकली इंजन साउंड का इस्तेमाल नहीं किया है। इसके बजाय, इलेक्ट्रिक सिस्टम और मशीन के पुर्जों से आने वाली असली आवाज़ और कंपन को बेहतर बनाया गया है। कंपनी के मुताबिक, Ferrari Luce में 60 से ज्यादा नई पेटेंट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही, इसे Ferrari Forever प्रोग्राम के तहत लंबे समय तक सपोर्ट भी मिलेगा। इसमें इलेक्ट्रिक सिस्टम और बैटरी से जुड़े पार्ट्स की सर्विस और मदद भी शामिल रहेगी।