Kawasaki Versys 1100: Kawasaki India ने अपनी एडवेंचर टूरर बाइक Kawasaki Versys 1100 पर बड़ा डिस्काउंट ऑफर दिया है। इस ऑफर के बाद यह प्रीमियम लॉन्ग-डिस्टेंस बाइक भारतीय ग्राहकों के लिए ज्यादा किफायती हो गई है। छूट की बात करें तो इस बाइक पर 1 लाख रुपये तक का कैश डिस्काउंट मिल रहा है। जो चुनिंदा Versys 1100 खरीद पर लागू है। इस छूट के बाद बाइक की एक्स-शोरूम कीमत करीब 13.89 लाख रुपये से घटकर लगभग 12.89 लाख रुपये रह गई है। ध्यान देने वाली बात यह है कि ये ऑफर इस महीने के अंत तक यानी 31 जनवरी, 2026 तक वैलिड है।
कंपनी के मुताबिक, ये ऑफर्स उन राइडर्स को ध्यान में रखकर लाए गए हैं जो लंबी यात्राओं के लिए प्रीमियम एडवेंचर मोटरसाइकिल पसंद करते हैं।
खरीदारों के लिए इस डिस्काउंट का क्या मतलब है?
जैसा कि पहले बताया गया है, इस नए डिस्काउंट ऑफर से बाइक की एक्स-शोरूम कीमत सीधे तौर पर कम हो जाती है। छूट के बाद अब यह बाइक करीब 12.89 लाख रुपये में मिल रही है। हालांकि, यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि ऑन-रोड कीमत अलग-अलग राज्यो में अलग हो सकती है। इसमें RTO चार्ज, स्टेट टैक्स और इंश्योरेंस जैसी चीजें जुड़ती हैं। डीलरशिप यह ऑफर या तो एक्स-शोरूम कीमत में सीधी कटौती के रूप में दे सकती है या कैशबैक वाउचर पर दे सकती है, जिसे खरीद के समय इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसके अलावा, Kawasaki ने हाल ही में अपनी रेंज के अन्य मॉडलों पर भी छूट ऑफर पेश किए हैं। ऑफर के तहत उपलब्ध मॉडलों में Versys-X 300, Z650 और Z650 RS शामिल हैं।
Kawasaki Versys 1100: स्पेसिफिकेशन्स
Kawasaki Versys 1100 में 1,099 cc का लिक्विड-कूल्ड इनलाइन-फोर इंजन लगा है। यह इंजन 133 hp का पावर और 112 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें असिस्ट और स्लिपर क्लच के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। इसके अलावा, इसमें लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन भी मिलता है।
Kawasaki Versys 1100: फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो, Versys 1100 में कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनमें सीधी बैठने की स्थिति, डुअल-चैनल ABS, USB-C पोर्ट, एडजस्टेबल सस्पेंशन और मॉडर्न इंस्ट्रूमेंटेशन शामिल हैं।
इन छूटों का समय क्यों महत्वपूर्ण है?
यह डिस्काउंट सीमित समय के लिए है और जनवरी 2026 के अंत से पहले खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए सबसे अधिक लाभदायक है। यह ऑफर डीलरशिप और स्टॉक की उपलब्धता के आधार पर भिन्न हो सकता है। इसके अलावा, खरीदारी से पहले ग्राहक को ऑफर की पूरी शर्तें और किस वेरिएंट पर छूट मिल रही है, यह जरूर कन्फर्म कर लेना चाहिए। इस अस्थायी कीमत कटौती से Versys 1100 भारतीय मार्केट में अन्य प्रीमियम एडवेंचर टूरर बाइकों के मुकाबले अधिक प्रतिस्पर्धी बन जाती है।