Maruti Breeza Facelift के टर्बो पेट्रोल से लेकर CNG तक सभी वेरियंट की फुल प्राइज लिस्ट और खासियतें यहां जानिए

Maruti Breeza Facelift : नई मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट में बाहर और अंदर दोनों तरफ कई बड़े बदलाव किए गए हैं। इसके बाहरी डिजाइन को पहले से ज्यादा आकर्षक बनाया गया है। इसमें नई स्मोक क्रोम फ्रंट ग्रिल, नए डिजाइन के अलॉय व्हील, नया डुअल-टोन बॉडी क्लैडिंग और अपडेटेड फ्रंट लुक दिया गया है

अपडेटेड Jul 27, 2026 पर 11:08 PM
मारुति सुजुकी ने नई मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट के सभी वैरिएंट की कीमतों का ऐलान कर दिया है।

मारुति सुजुकी ने नई मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट के सभी वैरिएंट की कीमतों का ऐलान कर दिया है। पहले लॉन्च के समय कंपनी ने केवल बेस टर्बो बूस्टरजेट वैरिएंट की शुरुआती कीमत बताई थी। अब पूरी कीमतों की सूची जारी कर दी गई है। नई मारुति ब्रेजा की कीमत 7.40 लाख रुपये से लेकर 13.70 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक रखी गई है। अलग-अलग इंजन और वैरिएंट के अनुसार इसकी कीमत बदलती है। 24 जुलाई को लॉन्च के दौरान कंपनी ने सिर्फ शुरुआती कीमत की जानकारी दी थी। अब सभी मॉडल की कीमतें सामने आ गई हैं।

जानें कितनी है कीमत

टर्बो पेट्रोल मॉडल की कीमत 7.40 लाख रुपये से 11.31 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। वहीं 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन वाले मॉडल की कीमत 8.30 लाख रुपये से 13.70 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक है। इसके अलावा एस-सीएनजी (S-CNG) वैरिएंट की कीमत 9.30 लाख रुपये से 11.65 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच रखी गई है।


जानिए माइलेज कितना है

नई मारुति सुजुकी ब्रेजा को तीन अलग-अलग इंजन के साथ पेश किया गया है, ताकि ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार मॉडल चुन सकें।

  • पहला ऑप्शन 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का है, जो 110.2 पीएस की पावर और 170 एनएम का टॉर्क देता है। इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है।
  • दूसरा ऑप्शन 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन का है, जो 103 पीएस की पावर और 139 एनएम का टॉर्क देता है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। ऑटोमैटिक मॉडल में पैडल शिफ्टर की सुविधा भी दी गई है।
  • तीसरा ऑप्शन एस-सीएनजी (S-CNG) मॉडल का है, जो 87.8 पीएस की पावर और 121.5 एनएम का टॉर्क देता है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है।

अगर माइलेज की बात करें, तो टर्बो पेट्रोल मॉडल 20.47 किमी प्रति लीटर, 1.5 लीटर पेट्रोल मैनुअल 21.09 किमी प्रति लीटर, 1.5 लीटर पेट्रोल ऑटोमैटिक 20.17 किमी प्रति लीटर और एस-सीएनजी मॉडल 26.90 किमी प्रति किलोग्राम सीएनजी का माइलेज देने का दावा करता है।

नई मारुति ब्रेजा में मिले कई नए फीचर्स

नई मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट में बाहर और अंदर दोनों तरफ कई बड़े बदलाव किए गए हैं। इसके बाहरी डिजाइन को पहले से ज्यादा आकर्षक बनाया गया है। इसमें नई स्मोक क्रोम फ्रंट ग्रिल, नए डिजाइन के अलॉय व्हील, नया डुअल-टोन बॉडी क्लैडिंग और अपडेटेड फ्रंट लुक दिया गया है। केबिन की बात करें तो इसमें 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो बिल्ट-इन एलेक्सा, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले को सपोर्ट करता है। इसके अलावा इसमें ओटीए (OTA) अपडेट, प्रीमियम साउंड सिस्टम, 64 रंगों वाली एंबिएंट लाइटिंग, वेंटिलेटेड (हवादार) फ्रंट सीटें, कूलिंग फीचर के साथ वायरलेस चार्जर और डुअल-टोन इंटीरियर जैसे कई प्रीमियम फीचर्स भी दिए गए हैं।

सुरक्षा पहले से ज्यादा मजबूत

नई मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट में सुरक्षा को पहले से और बेहतर बनाया गया है। कंपनी ने इसमें कई नए एडवांस सेफ्टी फीचर्स जोड़े हैं। इस एसयूवी को भारत एनकैप (Bharat NCAP) की 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें ब्लाइंड स्पॉट वार्निंग के साथ लेन चेंज अलर्ट, रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), सेफ एग्जिट वार्निंग, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर और पहले से बेहतर 360 डिग्री कैमरा दिया गया है। यह कैमरा गाड़ी के चारों ओर का साफ दृश्य दिखाता है, जिससे पार्किंग और ड्राइविंग दोनों आसान और सुरक्षित हो जाती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।