अगर आप SUV खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए अच्छी साबित हो सकती है, क्योंकि, Maruti Suzuki के पोर्टफोलियो में 3 सितंबर को एक नया मॉडल जुड़ने वाला है। हालांकि, कंपनी ने अपनी इस नई SUV के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन कंपनी के ऑफिशियल अनाउंसमेंट से पहले ही इसका नाम ऑनलाइन लीक हो गया है। इसका इंटरनली Y17 कोडनेम है। अब खबर है कि इस SUV का नाम कथित तौर पर विक्टोरिस होगा। यह लीक मारुति सुजुकी की ऑफिशियल वेबसाइट से सामने आया है, जहां यह नाम कुछ समय के लिए गूगल सर्च रिजल्ट्स में दिखाई दिया।
मारुति अपने नई SUV को एरिना डीलरशिप में बेचेगा
मारुति अपनी नई SUV ‘विक्टोरिस’ को एरिना डीलरशिप में बेचने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इसे अपने SUV लाइनअप में ब्रेजा और ग्रैंड विटारा के बीच पोजिशन किया है। ये मॉडल सुजुकी के ग्लोबल-सी-प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है, जो ग्रैंड विटारा में भी इस्तेमाल किया गया है। इस प्लेटफॉर्म शेयरिंग से प्रोडक्शन लागत भी कम होने की उम्मीद है, साथ ही विक्टोरिस में ग्रैंड विटारा और टोयोटा हाई राइडर में पहले से मौजूद कई फीचर्स को जारी रखा जाएगा।
डाइमेंशन के हिसाब से, विक्टोरिस ग्रैंड विटारा की 4,345 मिमी लंबाई से थोड़ी लंबी हो सकती है। इससे इसका सीधा मुकाबला Hyundai Creta (4,330 मिमी) और Kia Seltos (4,365 मिमी) से होगा। आने वाली 2026 Kia Seltos फेसलिफ्ट, Skoda Kushaq फेसलिफ्ट और Volkswagen Taigun फेसलिफ्ट जैसी कारों के साथ भी होगा। विक्टोरिस को जगह, फीचर्स और कीमत के मामले में अलग दिखना होगा। लंबी बॉडी से ज्यादा बूट स्पेस मिलने की उम्मीद है जो लोगों को काफी पसंद आएगा।
इंजन की बात करें तो मारुति विक्टोरिस का इंजन सेटअप ग्रैंड विटारा और टोयोटा हाइराइडर से लिया गया है। इसमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 103 PS की पावर और 139 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स ऑप्शन के साथ आएगा। वहीं इसमें AWD का ऑप्शन भी होगा। इसके अलावा, इसमें 1.5-लीटर का स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन भी दिया जाएगा, जो e-CVT गियरबॉक्स के साथ 115.5 PS का कंबाइंड आउटपुट देगा। खास बात यह है कि विक्टोरिस CNG वैरिएंट में भी उपलब्ध होगी, जो CNG मोड में 88 PS की पावर देगी।