Maruti Suzuki: महंगी हो जाएंगी मारुति की कारें, जून से कंपनी ₹30,000 तक बढ़ाने जा रही कीमतें

Maruti Suzuki: कंपनी ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और खर्च भी पहले के मुकाबले ज्यादा हो गया है। ऐसे में कंपनी को बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना पड़ रहा है। हालांकि, कंपनी यह कोशिश कर रही है कि ग्राहकों पर इसका असर जितना हो सके उतना कम पड़े

अपडेटेड May 21, 2026 पर 8:14 PM
Maruti Suzuki Hike Car Prices: देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी गाड़ियों की कीमत बढ़ाने का फैसला किया है।

देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी गाड़ियों की कीमत बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने बताया कि जून 2026 से उसकी पैसेंजर कारें 30 हजार रुपये तक महंगी हो जाएंगी। कंपनी का कहना है कि कच्चे माल और अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी होने की वजह से यह फैसला लिया गया है। हालांकि, हर मॉडल की कीमत में बढ़ोतरी अलग-अलग होगी।

 महंगी हो जाएंगी मारुति की कारें

बता दें कि, मारुति सुजुकी अपनी कारों की बिक्री दो चैनलों अरीना और नेक्सा के जरिए करती है। अरीना शोरूम में ऑल्टो K10, एस-प्रेसो, सेलेरियो, वैगनआर, ईको, स्विफ्ट, डिजायर, अर्टिगा, ब्रेजा और विक्टोरिस जैसी गाड़ियां बेची जाती हैं। वहीं नेक्सा शोरूम में बलेनो, फ्रॉन्क्स, ग्रैंड विटारा, जिम्नी, XL6, इनविक्टो और हाल ही में लॉन्च हुई ई-विटारा शामिल हैं। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि कच्चे माल और अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी होने की वजह से जून 2026 से सभी मॉडलों की कीमतें 30 हजार रुपये तक बढ़ाई जाएंगी।


कंपनी ₹30,000 तक बढ़ाने जा रही कीमतें

देश की कई बड़ी और लग्ज़री कार कंपनियों ने जनवरी 2026 में अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ा दी थीं। वहीं मारुति सुजुकी ने इससे पहले अप्रैल 2025 में कारों के दाम बढ़ाए थे। उस समय कंपनी ने कीमतों में 62 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। ब्रेजा बनाने वाली कंपनी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से वह खर्च कम करने के लिए लगातार कई कदम उठा रही है, ताकि बढ़ती लागत का असर कम किया जा सके।

कंपनी ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और खर्च भी पहले के मुकाबले ज्यादा हो गया है। ऐसे में कंपनी को बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना पड़ रहा है। हालांकि, कंपनी यह कोशिश कर रही है कि ग्राहकों पर इसका असर जितना हो सके उतना कम पड़े।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।