मारुति सुजुकी गुजरात में नए प्लांट पर करेगी 35,000 करोड़ का निवेश, यहां हर साल बनेंगी 10 लाख कारें

Maruti Suzuki New Plant: गौरतलब है कि भारत, दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कार बाजार है और ऐसे में यह निवेश ऑटो सेक्टर के लिए काफी अहम माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस नए प्लांट में वित्त वर्ष 2029 से उत्पादन शुरू हो जाएगा। इसके बाद मारुति सुजुकी की सालाना उत्पादन क्षमता बढ़कर करीब 24 लाख गाड़ियां हो जाएगी

अपडेटेड Jan 17, 2026 पर 5:13 PM
घरेलू ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी गुजरात में एक नया प्लांट लगाने की योजना बना रही है।

Maruti Suzuki New Plant:  भारत की पसंदीदा कार कंपनियों में से एक मारुति सुजुकी अब गुजरात के खोराज में एक बहुत बड़ा प्लांट लगाने जा रही है। बता दें कि, मारुति सुजुकी गुजरात में एक नया प्लांट लगाने की योजना बना रही है। इसके लिए कंपनी करीब 35,000 करोड़ रुपये (लगभग 3.9 बिलियन डॉलर) का निवेश करेगी। यह जानकारी शनिवार को गुजरात सरकार ने दी। राज्य सरकार के बयान के मुताबिक, इस नए प्लांट से मारुति सुजुकी की सालाना उत्पादन क्षमता में करीब 10 लाख गाड़ियों की बढ़ोतरी होगी। कंपनी यह कदम भारत में लगातार बढ़ रही कारों की मांग को पूरा करने और एक्सपोर्ट के लिए मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने के मकसद से उठा रही है।

 ऑटो सेक्टर के लिए अहम है ये निवेश 

गौरतलब है कि भारत, दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कार बाजार है और ऐसे में यह निवेश ऑटो सेक्टर के लिए काफी अहम माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस नए प्लांट में वित्त वर्ष 2029 से उत्पादन शुरू हो जाएगा। इसके बाद मारुति सुजुकी की सालाना उत्पादन क्षमता बढ़कर करीब 24 लाख गाड़ियां हो जाएगी। मारुति सुजुकी में जापान की सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन (Suzuki Motor Corporation) की अधिक हिस्सेदारी है और बिक्री के मामले में यह भारत की नंबर-1 कार कंपनी है।


सामने आई ये बड़ी जानकारी 

कंपनी के मार्केटिंग और सेल्स हेड पार्थो बनर्जी ने इस महीने बताया था कि, एंट्री-लेवल कारों के लिए करीब डेढ़ महीने का ऑर्डर बैकलॉग बना हुआ है। कंपनी के मुताबिक, दिसंबर महीने में घरेलू डीलरों को की गई बिक्री 37 प्रतिशत बढ़कर 1,78,646 यूनिट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। इस हफ्ते कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने गुजरात में प्लांट के लिए जमीन खरीदने को लेकर 49.6 अरब रुपये के शुरुआती निवेश को भी मंजूरी दे दी है। यह निवेश मारुति सुजुकी के भविष्य के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।