Maruti Wagon R Flex Fuel भारत में लॉन्च, मिलेंगे 6 एयरबैग्स के साथ बेहतरीन सेफ्टी फीचर्स, जानें कीमत

Maruti Wagon R Flex Fuel: मारुति सुजुकी ने Wagon R बायोफ्लेक्स को भारत में पेश किया है, जो E20 से E85 तक के इथेनॉल-पेट्रोल ब्लेंड पर चल सकती है। यह 1.2L इंजन पर आधारित है और फिलहाल कमर्शियल इस्तेमाल के लिए उपलब्ध है। इसमें कई आधुनिक और सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।

अपडेटेड Jun 15, 2026 पर 1:37 PM
Maruti Wagon R Flex Fuel लॉन्च, मिलेंगे खास फीचर्स

Maruti Wagon R Flex Fuel: Maruti Suzuki ने हाल ही में भारत में अपनी नई Wagon R बायोफ्लेक्स (Flex Fuel) कार पेश की थी, जिसका अनावरण केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने किया था। हालांकि, कंपनी ने उस समय इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया था। लेकिन आज ब्रांड ने Wagon R बायोफ्लेक्स की कीमत आधिकारिक तौर पर जारी कर दी हैं। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 7.24 लाख रुपये रखी गई है।

बता दें कि यह कार E20 से लेकर E85 तक के इथेनॉल-पेट्रोल ब्लेंड पर चल सकती है। Maruti Suzuki Wagon R का यह फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल टॉप वेरिएंट ZXi+ पर आधारित है, जिसमें 1.2 लीटर का पेट्रोल इंजन मिलता है। कीमत की बात करें तो बायोफ्लेक्स वेरिएंट, सामान्य Wagon R ZXi+ के मुकाबले 86,000 रुपये महंगा है।

WagonR Flex Fuel सिर्फ कमर्शियल इस्तेमाल के लिए


दिलचस्प बात यह है कि बायोफ्लेक्स वर्जन सिर्फ कमर्शियल सेक्टर के लिए उपलब्ध है। कमर्शियल इस्तेमाल वाली Wagon R Tour H3 की कीमत 4.99 लाख रुपये (पेट्रोल MT के लिए) से 5.89 लाख रुपये (CNG MT के लिए) तक है। इसके मुकाबले बायोफ्लेक्स 1.35 लाख रुपये से 2.25 लाख रुपये तक महंगी है। हालांकि, बायोफ्लेक्स में 1.2-लीटर का इंजन है, जबकि Wagon R Tour H3 में छोटा 69hp, 1.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन आता है।

Maruti Wagon R Flex Fuel का पावरट्रेन

इसके पावरट्रेन पर नजर डालें तो जहां, Maruti Wagon R Tour H3 में छोटा 1.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 69hp की पावर प्रदान करता है। वहीं इसके Flex Fuel वर्जन में K12N 1.2-लीटर, चार-सिलेंडर इंजन इस्तेमाल किया गया है, हालांकि इसे E85 फ्यूल के साथ कम्पैटिबल होने के लिए इसमें कई बदलाव किए गए हैं।

कंपनी ने बताया कि यह इंजन E20 से E85 तक के किसी भी इथेनॉल ब्लेंड पर अच्छी तरह काम कर सकता है। हालांकि, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह E100 फ्यूल पर भी चल सकती है। Maruti Suzuki ने Wagon R फ्लेक्स फ्यूल के लिए पावर आउटपुट या फ्यूल एफिशिएंसी जैसे कोई स्पेसिफिकेशन के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी है।

Maruti Wagon R Flex Fuel के फीचर्स

फीचर्स की बात करें, तो इसमें 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेन्मेंट सिस्टम, वायरलेस ऐप्पल कारप्ले और ऐंड्रॉइड ऑटो, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, 6 एयरबैग्स, फॉग लैम्प्स, अलॉय वील्स और इलेक्ट्रिकली अडजस्टेबल व फोल्डिंग ओआरवीएम्स जैसे फीचर्स मिलते हैं।

Maruti Suzuki इस मॉडल को दो कलर ऑप्शन मटैलिक और नॉन-मटैलिक में पेश कर रही है। कंपनी का मानना है कि, यह मॉडल भारत में वैकल्पिक ईंधन तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।

यह भी पढ़ें: कम बजट में क्रूज कंट्रोल वाली 5 शानदार कारें, जो लंबे हाईवे सफर के लिए हैं बेहतरीन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।