MG Majestor SUV: JSW MG Motor India 20 अप्रैल को भारतीय बाजार में Majestor SUV लॉन्च करने जा रही है। लॉन्च से पहले, कंपनी SUV को लेकर काफी चर्चा में है। क्योंकि आधिकारिक लॉन्च से पहले ही, कंपनी ने जम्मू-कश्मीर में एक चालू रेलवे ट्रैक पर ट्रेन खींचने के चैलेंज को पूरा करके गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। कंपनी ने बताया कि इस प्री-लॉन्च SUV ने 406.4 टन वजनी ट्रेन को 300 फीट से अधिक दूरी तक खींचकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया। यह रिकॉर्ड अब तक की सबसे भारी ट्रेन को SUV से खींचने का है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस टेस्ट के लिए जिस SUV का इस्तेमाल किया गया था, वह एक स्टॉक प्रोडक्शन यूनिट था, जिससे यह साफ होता है कि यह उपलब्धि बिना किसी खास बदलाव के हासिल की गई थी। SUV में 2.0 लीटर टर्बो डीजल इंजन लगा है, जो 215 hp का पावर और 278 Nm का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन भी है। साथ ही इसमें तीन लॉकिंग डिफरेंशियल भी दिए गए हैं।
सबसे भारी ट्रेन खींचने की गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स कैटेगरी ऐतिहासिक रूप से मानवीय शक्ति से जुड़ी रही है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में सबसे भारी ट्रेन खींचने की कैटेगरी पहले आमतौर पर इंसानों की ताकत से जुड़े रिकॉर्ड के लिए जानी जाती थी। गिनीज के रिकॉर्ड के अनुसार, यह पुराना रिकॉर्ड 1999 में जुराज बारबेरिक ने बनाया था, जिन्होंने स्लोवाकिया में 1,000 टन वजनी 20 डिब्बों वाली मालगाड़ी को 4.5 मीटर से अधिक खींचा था। MG के प्रयास से अब यह खिताब SUV के साथ ऑटोमोटिव सेक्टर में आ गया है। क्योंकि पहली बार किसी SUV ने इस तरह का प्रयास किया है।
Majestor SUV को भारत में MG की प्रीमियम D+ सेगमेंट SUV के रूप में तैयार किया जा रहा है। और उम्मीद है कि यह ब्रांड की लाइनअप में Gloster से ऊपर की कैटेगरी में आएगी। इस मॉडल को इस साल की शुरुआत में पेश किया गया था और इसे एक बड़ी, फीचर-रिच SUV के रूप में उन खरीदारों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जो इस सेगमेंट में अधिक दमदार विकल्प की तलाश में हैं।
गिनीज रिकॉर्ड बनाने के प्रयास ने भले ही सबका ध्यान खींचा हो, लेकिन मॉडल के कमर्शियल लॉन्च डिटेल अभी तक सामने नहीं आई है। कंपनी ने अभी तक अंतिम कीमत की घोषणा नहीं की है, लेकिन इस रिकॉर्ड बनाने के प्रयास से SUV के प्री-लॉन्च अभियान को मजबूती मिली है, वो भी ऐसे समय में जब MG प्रीमियम SUV बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
ट्रेन खींचने का यह अभ्यास ऑटोमोबाइल कंपनियों की उस ट्रेंड का हिस्सा है, जिसमें लॉन्च से पहले गाड़ियों की ताकत और क्षमता दिखाकर लोगों का ध्यान खींचा जाता है।
इस मामले में, MG ने Majestor के साइज, टॉर्क आउटपुट और खींचने की क्षमता पर ध्यान आकर्षित करने के लिए एक अलग और काफी आकर्षक चैलेंज का इस्तेमाल किया है। Tata Motors जैसे ब्रांड पहले भी कर्व और सफारी जैसे अपने मॉडलों की मार्केटिंग के लिए इसी तरह के तरीके अपना चुके हैं।