Tablecloth Challenge: Tata ने पिछले दिनों अपनी सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली SUV Harrier को इलेक्ट्रिक वेरिएंट लॉन्च किया। कंपनी ने Harrier.ev के कई शानदार वीडियो शेयर किए जिसमें गाड़ी एक से बढ़कर एक चैलेंज करती हुई दिख रही है। Harrier का 'टेबलक्लोथ पुल' स्टंट खूब सुर्खियों में रहा। इस चैलेंज में एसयूवी को तेजी से आगे बढ़ते हुए दिखाया गया था, जबकि ड्रिंक्स और फलों से सजी मेज बिल्कुल वैसी की वैसी ही रही थी। कुछ ऐसा ही एक प्रयास Tata Sierra के एक ओनर ने किया, जो यह देखना चाहते थे कि उनकी विंटेज एसयूवी उस चैलेंज को दोहरा सकती है या नहीं।
Harrier.ev की तरह सिएरा ने किया टेबलक्लोथ चैलेंज
मोटो सैपियन द्वारा इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में, व्लॉगर को ठीक Harrier.ev ऐड वीडियो की तरह एक मेज सेट करते हुए दिखाया गया है। उन्होंने ध्यान से ड्रिंक्स से भरे गिलास और फलों से सजी प्लेटें रखीं। मेजपोश का एक सिरा एक रस्सी से बंधा था, जिसे उन्होंने सिएरा के पिछले हिस्से से बांध दिया। उनका टारगेट यह था कि मेज पर रखी वस्तुओं को बिना हिलाए-डुलाए मेजपोश को सफाई से खींचना। ठीक वैसे ही जैसे Tata ने Harrier.ev के साथ किया था।
20 साल से ज्यादा पुरानी होने और लेटेस्ट व्हीकल्स जितनी शक्तिशाली न होने के बावजूद भी सिएरा यह स्टंट करने में कामयाब रही। लंबी रस्सी और फास्ट स्पीड की बदौलत, मेजपोश पूरी तरह से सेटअप को बिना हिलाए-डुलाए मेज से फिसल गया। कोई भी ग्लास नहीं गिरा और फल की टोकरी अपनी जगह पर टिके रही। हालांकि, सिएरा का प्रयास Harrier.ev जैसा स्मूथ नहीं था। सिएरा के इस स्टंट के अटेम्प्ट में प्लेटें और गिलास काफी हिल गए। इसके पीछे मुख्य रूप से दो वजहें रही: सिएरा उतनी तेजी से स्पीड नहीं पकड़ सकी, और यह स्टंट ओपन एरिया में किया गया था।
टेबलक्लोथ ट्रिक के पीछे क्या है साइंस?
टेबलक्लोथ ट्रिक पूरी तरह से फिजिक्स पर आधारित है। यह न्यूटन के गति के पहले नियम पर बेस्ड है। नियम के मुताबिक, वस्तुएं तब तक अपनी जगह पर रहती हैं जब तक की उन पर कोई बाहरी बल न लगाया जाए। यदि कपड़े को तेजी से खींचा जाए, तो मेज पर रखी वस्तुओं का जड़त्व उन्हें वहीं रखती है। यह ट्रिक जादू का भ्रम देती है, हालांकि यह विशुद्ध विज्ञान है।