पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री अक्टूबर में रिकॉर्ड ऊंचाई पर, मारुति के इस मॉडल की सेल सबसे ज्यादा

मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने वॉल्यूम के लिहाज से अक्टूबर में घरेलू बाजार में सबसे ज्यादा गाड़ियां बेची। लेकिन, ह्युंडई मोटर इंडिया की बिक्री में गिरावट दिखी

अपडेटेड Nov 01, 2025 पर 10:50 PM
Story continues below Advertisement
पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री के मामले में मारुति सुजुकी पहले पायदान पर रही। उसने 1,76,318 यूनिट्स गाड़ियां बेची।

पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री वॉल्यूम के लिहाज से अक्टूबर में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई। इसमें जीएसटी रेट में कमी और फेस्टिव डिमांड का बड़ा हाथ है। कई ऑटो कंपनियों ने अक्टूबर में किसी एक महीने में सबसे ज्यादा गाड़ियां बेची। अक्टूबर में कुल 4,70,227 गाड़ियां बिकी, जो पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले 17.23 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल अक्टूबर में कुल 4,01,105 पैसेंजर्स व्हीकल्स की बिक्री हुई थी।

बिक्री का जनवरी 2025 का रिकॉर्ड टूटा

अक्टूबर में गाड़ियों की बिक्री ने जनवरी 2025 की बिक्री के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। तब 4.05,522 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। जीएसटी के नए रेट्स 22 सितंबर से लागू हो गए। इससे गाड़ियों की कीमतों में कमी आई। पहले गाड़ियों पर 28 फीसदी जीएसटी लगता था। अब ज्यादातर गाड़ियों पर 18 फीसदी टैक्स लग रहा है। अक्टूबर में पैसेंजर व्हीकल्स की रिकॉर्ड बिक्री में दशहरा, धनतेरस और दीवाली जैसे त्योहारों का भी हाथ है। भारत में इन तीनों त्योहारों में गाड़ी खरीदना शुभ माना जाता है।


कई ऑटो कंपनियों की बिक्री रिकॉर्ड ऊंचाई पर

मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने वॉल्यूम के लिहाज से अक्टूबर में घरेलू बाजार में सबसे ज्यादा गाड़ियां बेची। लेकिन, ह्युंडई मोटर इंडिया की बिक्री में गिरावट दिखी। पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री के मामले में मारुति सुजुकी पहले पायदान पर रही। उसने 1,76,318 यूनिट्स गाड़ियां बेची। यह साल दर साल आधार पर 10.48 फीसदी की ग्रोथ है। पिछले साल अक्टूबर में कंपनी ने 1,59,591 यूनिट्स बेची थी।

फ्रॉन्क्स मारुति का सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल

मारुति के सीनियर एग्जिक्यूटिव अफसर (मार्केटिंग सेल्स) पार्थो बनर्जी ने कहा कि मारुति की रिटेल सेल्स साल दर साल करीब 20 फीसदी बढ़कर अक्टूबर में 2,42,096 यूनिट्स पहुंच गई। उन्होंने कहा, "हमें कंपनी की बाजार हिस्सेदारी करीब 43.5 फीसदी रहने की उम्मीद है।" अगर मारुति के अलग-अलग मॉडल की बिक्री की बात की जाए तो फ्रॉन्क्स की बिक्री 28,327 यूनिट्स रही। डिजायर की बिक्री 28,000 यूनिट्स रही। स्विफ्ट की बिक्री 24,348 यूनिट्स, आर्टिगा की 23,429 और वैगनआर की 24,193 यूनिट्स रही।

यह भी पढ़ें: CIBIL Score: कम CIBIL स्कोर में भी मिलेगा क्रेडिट कार्ड, जानिए स्मार्ट और आसान तरीके

महिंद्रा ने अक्टूबर में 31 फीसदी ज्यादा गाड़ियां बेची

महिंद्रा के एसयूवी की बिक्री वॉल्यूम के लिहाज से साल दर साल आधार पर 31.41 फीसदी बढ़कर 71,624 यूनिट्स पहुंच गई। यह पिछले साल अक्टूबर में 54,504 यूनिट्स थी। कंपनी के ऑटोमोटिव डिवीजन के सीईओ नलिनीकांत गोलागुंटा ने कहा कि अक्टूबर में इस साल कंपनी ने सबसे ज्यादा गाड़ियां बेची। पिछले महीने कंपनी ने थार, बोलेरो और बोलेरो नियो का अपडेटेट वर्जन लॉन्च किए। टाटा मोटर्स की पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री साल दर साल आधार पर 27 फीसदी बढ़कर 61,134 यूनिट्स रही। हालांकि, ह्युंडई की होलसेल बिक्री साल दर साल आधार पर 3.2 फीसदी गिरकर 53,792 यूनिट्स रही।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।