इलेक्ट्रिक कार कंपनी Tesla ने अमेरिका में अपनी Model S और Model X कारों को अपग्रेड किया है। साथ ही इनकी कीमतों में 5,000 डॉलर की बढ़ोतरी की है। रॉयटर्स के मुताबिक, इसे बारे में टेस्ला ने अपने X हैंडल और वेबसाइट पर पोस्ट डाली है। टेस्ला की वेबसाइट के मुताबिक, Model S और Model X के सभी कॉन्फिगरेशंस के लिए कीमतों में 5,000 डॉलर की बढ़ोतरी की गई है।
मॉडल X के ऑल-व्हील ड्राइव वर्जन की नई कीमत 89,990 डॉलर है। वहीं प्लेड वेरिएंट की कीमत 104,990 डॉलर है। मॉडल S के मामले में ऑल-व्हील ड्राइव वेरिएंट की कीमत अब 84,990 डॉलर और इसके प्लेड वेरिएंट की कीमत 99,990 डॉलर है।
दिसंबर में भी बढ़ाई थी Model S कारों की कीमत
दिसंबर 2024 में टेस्ला ने अमेरिका में अपनी Model S कारों की कीमतों में 5,000 डॉलर की बढ़ोतरी की थी। वहीं 1 फरवरी से कनाडा में अपने सभी मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। टेस्ला ने कीमत वृद्धि का कोई कारण नहीं बताया था। कंपनी कार उत्पादन की लागत को कम करने की कोशिश में है। इस साल जनवरी में कंपनी ने कहा था कि कच्चे माल की कीमतों में गिरावट के कारण चौथी तिमाही यानि अक्टूबर-दिसंबर में उसके व्हीकल्स के निर्माण के लिए मैटेरियल और श्रम की औसत लागत अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई।
भारत में शोरूम के लिए जगह तय
टेस्ला जल्द ही भारतीय बाजार में कदम रख सकती है। 2025 की शुरुआत में टेस्ला ने मुंबई और दिल्ली में शोरूम के लिए जगह तय कर ली थी और दो दर्जन से अधिक नौकरियों के लिए ओपनिंग भी पोस्ट की थी। फरवरी में, रॉयटर्स ने बताया था कि टेस्ला ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में स्थित मेकर मैक्सिटी में अपने शोरूम के लिए जगह तय कर ली है, जिसका मासिक किराया लगभग ₹32 लाख होगा। कंपनी ने 16 फरवरी, 2025 से लेकर अगले 5 साल की लीज साइन की है। 4,003 वर्ग फुट (372 वर्ग मीटर) की जगह के लिए टेस्ला पहले साल के लिए करीब 446,000 डॉलर का किराया देगी।