Toyota Hilux 2026: अगर आप दमदार पिकअप ट्रक खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। दरअसल, Toyota भारत में आज अपनी नई 2026 Toyota Hilux लॉन्च करने जा रही है, जो पहले से ज्यादा मॉडर्न डिजाइन, नए फीचर्स और बेहतर टेक्नोलॉजी के साथ आएगी। बता दें कि कंपनी लॉन्च इवेंट के दौरान Toyota Hilux की कीमत, अलग-अलग वेरिएंट के फीचर्स और पूरी स्पेसिफ़िकेशन्स की जानकारी देगी।
फिलहाल, अभी भारत में Toyota Hilux के STD MT वेरिएंट की शुरुआती कीमत 28.52 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है, जबकि High MT की कीमत 35.30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) और High AT की कीमत 36 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। उम्मीद है कि आज के अपडेट के साथ Toyota Hilux के बेस मॉडल और दूसरे वेरिएंट्स की कीमतों में बदलाव किया जाएगा। ध्यान दें कि Toyota Hilux की ऑन-रोड कीमत शहर, रजिस्ट्रेशन चार्ज और इंश्योरेंस के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
एक्सटीरियर और इंटीरियर फीचर्स
Toyota Hilux के लॉन्च से पहले, लेटेस्ट ग्लोबल-स्पेक मॉडल से पता चलता है कि इस पिक-अप ट्रक के डिजाइन में बड़े बदलाव हो सकते हैं। इसमें बोल्ड TOYOTA अक्षरों वाली नई फ्रंट ग्रिल, पतले LED हेडलैंप, नए डिजाइन वाला बंपर और नए अलॉय व्हील दिए गए हैं, जिससे पिक-अप को ज्यादा मॉडर्न और मजबूत लुक मिलता है।
इसके केबिन में भी बड़े बदलाव होने की उम्मीद है। नए जापानी-स्पेक मॉडल में नए डिजाइन वाला डैशबोर्ड, 12.3-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 12.3-इंच का पूरी तरह से डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ब्रेक होल्ड के साथ इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और हीटिंग फंक्शन वाला लेदर-रैप्ड स्टीयरिंग व्हील दिया गया है।
अन्य अनुमानित फीचर्स में वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग, USB Type-C चार्जिंग पोर्ट, आठ-स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम, पावर्ड ड्राइवर सीट, स्प्लिट-फ़ोल्डिंग रियर सीट और केबिन के अंदर कई स्टोरेज स्पेस शामिल हैं।
पावरट्रेन की बात करे तो, भारत में बिकने वाली Toyota Hilux में पहले से ही 2.8-लीटर का डीजल इंजन मिलता है, जो 204 PS की पावर और 500 Nm तक का टॉर्क देता है। इसके अलावा, इसमें ग्राहकों को दो ट्रांसमिशन विकल्प मिलते हैं। पहला 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स है, जो 420 Nm टॉर्क देता है, जबकि दूसरा 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन है, जो 500 Nm टॉर्क जनरेट करता है। दोनों ही ट्रांसमिशन विकल्प फोर-व्हील-ड्राइव सिस्टम के साथ आते हैं।
इसमें सात एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक डिफरेंशियल लॉक, डाउनहिल असिस्ट कंट्रोल, ऑटो लिमिटेड-स्लिप डिफरेंशियल, ट्रैक्शन कंट्रोल और दूसरे ऑफ-रोड फीचर्स भी मिलते हैं।
हालांकि, Toyota ने अभी तक भारत में मिलने वाले मॉडल के फीचर्स की लिस्ट कन्फर्म नहीं की है, लेकिन अपडेटेड ग्लोबल मॉडल में Toyota Safety Sense और कनेक्टेड टेक्नोलॉजीज भी शामिल हैं। अब यह देखना बाकी है कि इनमें से कौन-से फीचर्स भारत में आने वाले पिक-अप में दिए जाएंगे।
Hilux को 28 जुलाई (आज) को लॉन्च किया जा रहा है। उम्मीद है कि लॉन्च के दौरान Toyota सभी वेरिएंट्स की जानकारी, Hilux के बेस मॉडल की कीमत, गाड़ी की कीमत और दूसरी डिटेल्स बताएगी। कीमत की घोषणा के बाद, अलग-अलग शहरों में Toyota Hilux की ऑन-रोड कीमत भी पता चल जाएगी।