Toyota Kirloskar Motor Sales April 2026: Toyota Kirloskar Motor (TKM) ने अप्रैल 2026 महीने की अपनी बिक्री का आंकड़ा जारी किया है। कंपनी ने इस महीने कुल 32,086 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले साल अप्रैल 2025 की तुलना में 17% ज्यादा है। पिछले साल इसी महीने में 27,329 गाड़ियां बिकी थीं। इस कुल बिक्री में से 30,159 गाड़ियां भारत में (घरेलू बाजार) में बेची गईं, जबकि 1,927 गाड़ियां दूसरे देशों में एक्सपोर्ट की गईं।
Toyota के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट ने क्या कहा?
बिक्री प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स, सर्विस और यूज्ड कार बिजनेस) श्री सबरी मनोहर ने कहा कि अप्रैल 2026 में कंपनी की बिक्री लगातार और स्थिर प्रगति को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि यह सफलता ग्राहकों पर ध्यान देने, बेहतर प्रोडक्ट क्वालिटी और सभी बाजारों में अनुशासित कामकाज की वजह से मिली है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस महीने एक खास उपलब्धि यह रही कि Innova HyCross ने 2 लाख यूनिट की कुल बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया, जो यह दिखाता है कि कंपनी के हाइब्रिड वाहनों को बाजार में अच्छी और लगातार बढ़ती स्वीकार्यता मिल रही है।
घरेलू बिक्री बढ़कर 30,159 यूनिट हुई
बिक्री के आंकड़ों को विस्तार से देखें तो घरेलू बाजार में बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। अप्रैल 2026 में घरेलू बिक्री बढ़कर 30,159 यूनिट हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 24,833 यूनिट थी। यह करीब 21% की बढ़ोतरी दर्शाता है। वहीं दूसरी ओर, एक्पोर्ट में गिरावट दर्ज की गई। इस महीने एक्सपोर्ट घटकर 1,927 यूनिट रह गया, जो पिछले साल के 2,496 यूनिट के मुकाबले करीब 23% की गिरावट है।
इसके बावजूद, कुल मिलाकर कंपनी की बिक्री में बढ़ोतरी बनी रही, जिसका मुख्य कारण घरेलू बाजार में मजबूत मांग रहा।
अगर पूरे कैलेंडर वर्ष (जनवरी से अप्रैल) की बात करें, तो कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन जारी रखा। इस अवधि में कुल बिक्री बढ़कर 1,37,194 यूनिट हो गई, जबकि पिछले साल यह 1,15,157 यूनिट थी। यह करीब 19% की वृद्धि है। घरेलू बिक्री भी इस अवधि में बढ़कर 1,26,651 यूनिट तक पहुंच गई, जबकि पिछले साल यह 1,05,798 यूनिट थी, जो लगभग 20% की बढ़ोतरी को दर्शाता है।
इसी अवधि में एक्सपोर्ट में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह बढ़कर 10,543 यूनिट हो गया, जबकि पिछले साल इसी समय यह 9,359 यूनिट था। इसमें करीब 13% की वृद्धि देखने को मिली है।
कुल मिलाकर, कंपनी का प्रदर्शन यह दिखाता है कि घरेलू बाजार में लगातार मजबूत मांग बनी हुई है, जबकि लंबे समय में निर्यात में भी धीरे-धीरे अच्छी बढ़ोतरी हो रही है।