भारत में Kia की बड़ी प्लानिंग! जल्द ही लॉन्च करेगी 2 प्रीमियम हाइब्रिड कारें, जानें क्या-क्या होंगे फीचर्स

Kia सोरेंटो हाइब्रिड में काफी प्रीमियम और एडवांस फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसमें आराम और सेफ्टी दोनों पर खास ध्यान दिया जाएगा। इस एसयूवी में 14 तरह से एडजस्ट होने वाली पावर ड्राइवर सीट मिल सकती है, जिसमें मेमोरी और वेंटिलेशन (ठंडी हवा) का फीचर होगा। वहीं आगे बैठने वाले यात्री के लिए 10 तरह से एडजस्ट होने वाली पावर सीट दी जा सकती है

अपडेटेड Apr 26, 2026 पर 3:35 PM
Story continues below Advertisement
Kia भारत में जल्द ही लॉन्च करेगी 2 प्रीमियम हाइब्रिड कारें

कॉम्पैक्ट और मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के बाद Kia अब बड़े सेगमेंट में भी तेजी से आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है। कंपनी इस साल दो नई बड़ी ग्लोबल कारें लॉन्च करने वाली है, जो हाइब्रिड तकनीक के साथ आएंगी और साल के अंत में मार्केट में लॉन्च की जा सकती है।

लॉन्च होंगी दो  प्रीमियम हाइब्रिड कारें

इनमें से पहली कार Kia सोरेंटो होगी, जो इंटरनेशनल मार्केट में हुंडई सैंटा फे (Hyundai Santa Fe) को टक्कर देती है। यह डी-सेगमेंट की बड़ी एसयूवी है, जिसकी लंबाई 4,815 मिमी, चौड़ाई 1,900 मिमी और ऊंचाई 1,695 मिमी है। इसका व्हीलबेस 2,815 मिमी है, जिससे इसमें अच्छा स्पेस मिलता है। कंपनी इस मॉडल को दुनिया भर में 5, 6 और 7-सीटर ऑप्शन में बेचती है। भारत में इसे मुख्य रूप से 7-सीटर वर्जन के साथ लॉन्च किया जा सकता है, जबकि 6-सीटर वर्जन विकल्प के तौर पर दिया जा सकता है।


 एडवांस फीचर्स मिलने की उम्मीद 

ज्यादातर कार कंपनियां इस सेगमेंट की गाड़ियों को बाहर से ‘नॉक-डाउन किट’ या पूरी तरह बनी हुई (CBU) के रूप में भारत में लाती हैं, वहीं किया की योजना Kia सोरेंटो को भारत में ही बनाने की है। इस सेगमेंट में ऐसा पहली बार हो सकता है। खास बात यह है कि कंपनी इसमें हाइब्रिड तकनीक देने की भी तैयारी कर रही है। ग्लोबल मार्केट में सोरेंटो हाइब्रिड में 1.6-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का कॉम्बिनेशन मिलता है। लेकिन यह इंजन अभी भारत के हिसाब से तैयार नहीं किया गया है, और अगर इसे लाया भी जाता है तो इसकी कीमत काफी ज्यादा हो सकती है।

इसी वजह से रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी भारत के लिए इसमें 1.5-लीटर ‘नेचुरली एस्पिरेटेड’ पेट्रोल इंजन देने पर विचार कर रही है। यह वही इंजन हो सकता है, जिसका बदला हुआ वर्जन अभी किया सेल्टोस और किया कैरेंस में इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे कार की कीमत को थोड़ा काबू में रखने में मदद मिल सकती है।

Kia सोरेंटो हाइब्रिड में काफी प्रीमियम और एडवांस फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसमें आराम और सेफ्टी दोनों पर खास ध्यान दिया जाएगा। इस एसयूवी में 14 तरह से एडजस्ट होने वाली पावर ड्राइवर सीट मिल सकती है, जिसमें मेमोरी और वेंटिलेशन (ठंडी हवा) का फीचर होगा। वहीं आगे बैठने वाले यात्री के लिए 10 तरह से एडजस्ट होने वाली पावर सीट दी जा सकती है, जिसमें वेंटिलेशन का ऑप्शन भी होगा। इसके अलावा, दूसरी लाइन की सीटों में भी वेंटिलेशन फीचर मिल सकता है, जिससे पीछे बैठने वालों को भी आराम मिलेगा। कार में डिजिटल आईआरवीएम (रियर व्यू मिरर) दिया जा सकता है, जिससे पीछे का साफ व्यू मिलेगा।

सुविधा के लिए जेस्चर से खुलने-बंद होने वाला पावर टेलगेट भी मिल सकता है, जो अपने आप बंद होने की सुविधा के साथ आएगा। सेफ्टी के लिहाज से इसमें 10 एयरबैग और कई एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) फीचर्स दिए जा सकते हैं, जो ड्राइव को ज्यादा सुरक्षित और आसान बनाएंगे।

ऐसा होगा दूसरा मॉडल 

दूसरा मॉडल किया कार्निवल हाइब्रिड होगा, जिसे भारत में पूरी तरह तैयार (CBU) के रूप में लाया जा सकता है। यह एक बड़ी और प्रीमियम एमपीवी होगी, जिसमें हाइब्रिड तकनीक दी जाएगी।

इस गाड़ी में 1.6-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ एक इलेक्ट्रिक मोटर का कॉम्बिनेशन मिलेगा। दोनों ही आगे के पहियों (फ्रंट एक्सल) से जुड़े होंगे। पेट्रोल इंजन करीब 180 पीएस की पावर और 265 एनएम का टॉर्क देता है, जबकि इलेक्ट्रिक मोटर लगभग 74 पीएस की पावर और 304 एनएम टॉर्क जनरेट करती है। इसमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया जाएगा, जो पावर को पहियों तक पहुंचाता है। दक्षिण कोरिया में यह एमपीवी करीब 14 किमी/लीटर तक का माइलेज देने का दावा करती है। किया अपने घरेलू बाजार में इसे 7 और 9-सीटर विकल्प में बेचती है, लेकिन भारत में इसके 7-सीटर वर्जन के आने की ज्यादा संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।