VinFast VF6 and VF7: भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक कारों की डिमांड दिन पर दिन काफी तेजी से बढ़ते जा रही है।वहीं इलेक्ट्रिक वाहनों की डिमांड की दौड़ में कंपनियों के बीच मुकाबला लगातार तेज हो रहा है और हर कंपनी नए बाजारों में पैठ बनाने की कोशिश कर रही है। इन्हीं में से एक है वियतनाम की ऑटो कंपनी VinFast, जिसने BYD और Tesla जैसे दिग्गजों के बीच अपनी पहचान बनाई है और अब भारत में कदम रख रही है। कंपनी ने भारत में अपनी दो इलेक्ट्रिक एसयूवी — VF6 और VF7 लॉन्च की हैं। VF6 की शुरुआती कीमत 16.49 लाख रुपए और VF7 की कीमत 20.89 लाख रखी गई है।
VinFast की नई गाड़ियों की इतनी है कीमत
VinFast की एंट्री ऐसे समय में हुई है जब भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाज़ार में पहले से ही मजबूत घरेलू कंपनियां मौजूद हैं। टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हाल ही में मारुति सुज़ुकी ने भी इस क्षेत्र में कदम रखा है। फिलहाल भारत में EV सेगमेंट पर टाटा और महिंद्रा का दबदबा है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या VinFast की कीमतें इन दिग्गज कंपनियों की पकड़ को चुनौती दे पाएंगी? टाटा और महिंद्रा पहले से ही भारतीय इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में अपनी पकड़ बनाए हुए हैं। टाटा की हैरियर ईवी की अनुमानित कीमत 21.49 लाख से 30.23 लाख रुपए तक है, जबकि नेक्सन ईवी की कीमत 12.49 लाख से 17.19 लाख रुपए तक रहती है।
महिंद्रा की तरफ देखें तो BE 6 की अनुमानित कीमत 18.90 लाख से 27.79 लाख रुपए तक है। वहीं, XEV 9e की कीमत का अनुमान 21.90 लाख रुपए से 31.25 लाख रुपए के बीच लगाया गया है। अब सवाल यह है कि VinFast भारतीय ग्राहकों को क्या खास दे रहा है। कंपनी की VF6 इलेक्ट्रिक SUV में 59.6 kWh की बैटरी लगी है, जिसे फास्ट चार्जिंग से सिर्फ 25 मिनट में 10% से 70% तक चार्ज किया जा सकता है। ARAI के अनुसार, यह एक बार चार्ज करने पर 468 किमी तक चल सकती है।
VF7 इलेक्ट्रिक SUV में ये है फीचर्स
VinFast ने VF7 इलेक्ट्रिक SUV भी पेश की है, जो पांच वेरिएंट में आती है – Earth, Wind, Wind Infinity, Sky और Sky Infinity। VF7 Earth में 59.6 kWh की बैटरी दी गई है, जो 130 kW/250 Nm के मोटर से जुड़ी है। इसे फास्ट चार्जिंग से सिर्फ 24 मिनट में 10% से 70% तक चार्ज किया जा सकता है। वहीं, VF7 Wind वेरिएंट में 70.8 kWh की बड़ी बैटरी और 150 kW/310 Nm का इंजन मिलता है। कंपनी का दावा है कि VF7 सीरीज़ की गाड़ियाँ एक बार फुल चार्ज होने पर 438 किमी से 532 किमी तक की दूरी तय कर सकती हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, VinFast भारत में अपनी मौजूदगी को तेज़ी से बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी का टारगेट है कि वर्ष 2025 के अंत तक 27 शहरों में 35 डीलरशिप टचपॉइंट और 26 वर्कशॉप शुरू किए जाएं। इससे ग्राहकों को बिक्री के साथ-साथ सर्विस की बेहतर सुविधा भी मिल सकेगी।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।