Xiaomi जहां एक तरफ स्मार्टफोन के लिए फेमस है वहीं यह चीन में अपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए भी फेमस हैं। दरअसल, Xiaomi ने अपनी पहली दो इलेक्ट्रिक गाड़ियों SU7 और YU7 से चीन में धूम मचा दी है। SU7 इलेक्ट्रिक सेडान और YU7 इलेक्ट्रिक SUV है। हालात ये हैं कि लंबा वेटिंग पीरियड होने के बावजूद भी ग्राहक इनकी धड़ाधड़ बुकिंग करा रहे हैं। सबसे बड़ी कामयाबी YU7 SUV को मिली है। लॉन्चिंग के साथ ही बुकिंग शुरू हुई और आधे घंटे से भी कम समय में 50 हजार से ज्यादा यूनिट्स बुक हो गईं। इतनी तगड़ी डिमांड ने Xiomi की पॉपुलैरिटी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। लेकिन कंपनी यहीं रुकने वाली नहीं है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाओमी अब एक नई और लंबी इलेक्ट्रिक सेडान पर काम कर रही है, जो मौजूदा मॉडलों से भी ज्यादा एडवांस और लग्जरी फीचर्स के साथ आ सकती है।
चीन से सामने आई कुछ नई तस्वीरों में एक कार नजर आ रही है, जिसे पूरी तरह ढका गया है। यह देखने में Xiaomi SU7 जैसी लगती है, लेकिन इससे काफी लंबी दिखाई देती है। दरअसल, B-पिलर के बाद इसका साइज बढ़ाया गया है, जिससे साफ है कि कंपनी का फोकस पीछे बैठे यात्रियों को ज्यादा स्पेस और कंफर्ट देने पर है। मौजूदा Xiaomi SU7 पहले से ही एक बड़ी सेडान है, जिसकी लंबाई 4,997 मिमी और व्हीलबेस 3,000 मिमी है। लेकिन नई तस्वीरों के मुताबिक, इस कार की लंबाई लगभग 5,200 मिमी तक हो सकती है और व्हीलबेस 80 से 150 मिमी तक बढ़ सकता है। कार की दुनिया में यह बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि इसका सीधा फायदा पीछे बैठने वालों को और भी ज्यादा लेगरूम और आराम के रूप में मिलेगा।
मौजूदा Xiaomi SU7 एक ऐसी सेडान है, जिसे खासतौर पर तेज रफ्तार और परफॉर्मेंस पसंद करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। लेकिन कंपनी की यह नई और लंबी सेडान उन लोगों के लिए तैयार की जा रही है, जो सफर के दौरान पीछे बैठकर आराम और लग्जरी का अनुभव करना चाहते हैं।
ऑटो इंडस्ट्री के जानकार इस कार की तुलना Porsche Panamera Executive से कर रहे हैं, जो रियर सीट पैसेंजर्स के कंफर्ट को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है। माना जा रहा है कि इस नई शाओमी सेडान में पीछे की सीटें और भी ज्यादा चौड़ी व आरामदायक होंगी। इसके अलावा, रियर पैसेंजर्स के लिए अलग एंटरटेनमेंट स्क्रीन और यहां तक कि एक छोटा रेफ्रिजरेटर भी दिया जा सकता है। यानी यह कार पीछे बैठने वालों के लिए एक चलता-फिरता ऑफिस या प्राइवेट लाउंज बन सकती है।
लंबाई और वजन बढ़ने के कारण सिर्फ बॉडी डिज़ाइन बदलना काफी नहीं होगा। शाओमी के इंजीनियर इसके सस्पेंशन सिस्टम में भी अहम बदलाव करेंगे, ताकि यह कार स्मूद राइड और प्रीमियम हैंडलिंग के बीच परफेक्ट बैलेंस दे सके। उम्मीद है कि इसमें SU7 की तरह 800-वोल्ट फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी और एडवांस्ड ड्राइविंग असिस्टेंस सिस्टम्स शामिल होंगे।
हालांकि Xiaomi ने अब तक इस नई कार से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसकी कीमत 400,000 RMB (लगभग ₹46 लाख) से ज्यादा हो सकती है। फिलहाल यह कार शुरुआती टेस्टिंग फेज में है और कंपनी ने अभी इसके नाम, फाइनल फीचर्स और लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है।