Budget 2025 Live: भविष्य के लिए कार्यबल तैयार करने को बजट में कौशल विकास के लिए आवंटन बढ़ाने की जरूरत: टाटा टेक
टाटा टेक्नोलॉजीज ने आम बजट से पहले सोमवार को कौशल विकास उपायों के लिए आवंटन बढ़ाने की अपील की, ताकि भविष्य की जरूरतों के अनुसार कार्यबल तैयार किया जा सके। टाटा टेक्नोलॉजीज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक वारेन हैरिस ने बयान में कहा कि 5,000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था के मसौदे में दर्ज भारत के महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को हासिल करने के लिए बजट में नवाचार आधारित नीतियों, उभरती प्रौद्योगिकियों में निवेश और देश में उत्पादों के विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मैन्यूफैक्चिंग, AI, डिजिटल बदलाव और सॉफ्टवेयर-परिभाषित वाहनों (एसडीवी) जैसे प्रमुख वृद्धि के कारकों के लिए सरकारी समर्थन की आवश्यकता है। यह समर्थन अनुसंधान एवं विकास, कौशल विकास और बुनियादी ढांचे में निवेश के रूप में हो सकता है।
हैरिस ने बजट से कंपनी की उम्मीदों के बारे में कहा कि स्थिरता और हरित परिवहन पर भारत के ध्यान को इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) और स्वच्छ ऊर्जा समाधानों को अपनाने और मैन्यूफैक्चिंग को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों से फायदा मिल सकता है।