वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश करने की तारीख 1 फरवरी नजदीक आती जा रही है। इसके साथ ही बजट को लेकर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। हर किसी की नजरें इस बात पर टिकी हुई हैं कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस बार क्या तोहफे देंगी। हर सेक्टर को केंद्रीय बजट से कुछ न कुछ उम्मीदें हैं। सिफारिशों और डिमांड्स की लिस्ट वित्त मंत्री को भेजी जा चुकी है। इस बीच खबर है कि 27 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाई जाने वाली है। इसके एक दिन बाद 28 जनवरी से संसद का बजट सत्र शुरू होगा।
निर्मला सीतारमण लगातार 9वीं बार देश का बजट पेश करने जा रही हैं। बजट दस्तावेजों की छपाई का काम हलवा सेरेमनी के साथ शुरू होगा। यह रस्म दशकों पुरानी है, जिसमें वित्त मंत्री खुद हलवा बांटकर बजट बनाने में जुटे कर्मियों के प्रयासों की सराहना करती हैं। इस सेरेमनी के बाद बजट की छपाई से जुड़े कर्मचारी अगले कुछ दिनों के लिए नॉर्थ ब्लॉक के बेसमेंट में बनी प्रिटिंग प्रेस में रहते हैं। उन्हें बाहर आने या फिर अपने सहयोगियों, परिवार वालों से मिलने या कॉन्टैक्ट करने की इजाजत नहीं होती है।