Aam Budget 2026 Updates: माघ पूर्णिमा, रवि पुष्य योग और बारिश के शुभ संयोग में देश का आम बजट आज, पहली बार रविवार के दिन आ रहा बजट

Aam Budget 2026 Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज दिन में 11 बजे देश का आम बजट संसद में पेश करेंगी। आज पहली बार रविवार के दिन बजट पेश किया जाएगा। साथ ही, आज माघ पूर्णिमा और रवि पुष्य का दुर्लभ संयोग है। सुबह से दिल्ली-एनसीआर में हो रही बारिश भी एक शुभ शगुन है

अपडेटेड Feb 01, 2026 पर 10:29 AM
Story continues below Advertisement
27 साल के बाद देश का आम बजट आज रविवार के दिन वित्त मंत्री पेश करेंगी।

Aam Budget 2026 Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज रविवार, 01 फरवरी 2026 को बतौर वित्त मंत्री अपने कार्यकाल का 9वां आम बजट पेश करेंगी। देश का आम बजट आज पहली बार रविवार के दिन वित्त मंत्री पेश किया जाएगा। इस साल के आम बजट के दिन कई ऐसे संयोग बन रहे हैं, जिसकी पजह से इसे काफी खास माना जा रहा है। वित्त मंत्री के बजट का पिटारा तो दिन में 11 बजे खुलेगा, लेकिन आज माघ पूर्णिमा, रवि पुष्य योग और दिल्ली-एनसीआर में सुबह से हो रही बारिश के शुभ शगुन ने बजट के सुखद एहसास की अनुभूति दे दी है। इससे पहले 1999 में तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने बजट को शाम 5 बजे के बजाए दिन में 11 बजे पेश करने की शुरुआत भी तभी से हुई थी। इस साल रविवार को बजट पेश कर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक और इतिहास रचने जा रही हैं।

आज के शुभ संयोग ये रहे

दृक पंचाग के अनुसार, आज माघ पूर्णिमा की तिथि है और शुक्ल पक्ष रविवार का दिन है। माघ पूर्णिमा सुबह तड़के 3.38 बजे शुरू हो चुकी है। इसके अलावा, आज रवि पुष्य नक्षत्र का भी बहुत शुभ संयोग बना है, जो पूरे दिन रहेगा। रविवार के दिन पुष्य नक्षत्र सुबह 07:09 बजे से लग गया है और ये रात 11:58 बजे तक रहेगा। वहीं, सुबह 10.19 बजे से 4.42 बजे तक आज प्रीति योग भी है। दोपहर 12.13 बजे से 12.57 बजे तक अभिजित मुहूर्त है, जबकि राहुकाल शाम 4.39 बजे से 6 बजे तक है। आज अमृत काल भी है, जो शाम 5.59 बजे से 7.29 बजे तक है। इतना ही नहीं, कई विचार धाराओं में किस काम को शुरू करने में बारिश होने को भी शुभ शगुन माना जाता है। आज संत रविदास जयंति भी है।

रविवार के बजट को शुभ नहीं मान रही कांग्रेस

देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस रविवार को बजट पेश करने को शुभ नहीं मान रही है। कांग्रेस के एक सांसद ने कहा कि संडे को तो कोई भी शुभ कार्य नहीं किया जाता। हालांकि ज्योतिषियों का कहना है कि सूर्यनारायण का दिन होने के कारण रविवार को भी शुभ कार्य किए जा सकते हैं। हिंदू धर्म में शास्त्रों में कहीं ऐसा नहीं लिखा है कि रविवार को शुभ कार्य नहीं होते। ज्योतिषियों का कहना है कि रविवार सूर्य का वार है, सूर्य प्रकाश प्रदान करने वाला है।

1999 में पहली बार दिन में 11 बजे पेश हुआ था बजट


आज से 27 साल पहले 1999 में तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने देश का आम बजट को पेश करने की पुरानी परंपरा को तोड़ कर नई परंपरा शुरू की थी। उन्होंने शाम 5 बजे बजट पेश करने की परंपरा को तोड़ते हुए दिन में 11 बजे शनिवार को बजट पेश किया था। अटल बिहारी वाजपेयी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार में 27 फरवरी 1999 शनिवार को ये बजट पेश किया गया था। अगले दिन यानी 28 फरवरी को रविवार होने की वजह से एक दिन पहले यानी शनिवार को शाम की बजाय सुबह 11 बजे बजट पेश करने की नई परंपरा शुरू हुई थी।

Budget 2026 Live: बजट लेकर संसद पहुंचीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, खुलेगा जनता की उम्मीदों का पिटारा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।