Union Budget 2027 : गुरुवार, 26 नवंबर को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2027-28 के आगामी केंद्रीय बजट से पहले युवाओं के साथ बजट-पूर्व परामर्श बैठक की है। देश में युवाओं के साथ पहली बार इस तरह का प्री-बजट कंसल्टेशन हुआ है। वित्त मंत्रालय ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा है कि केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में 2027-28 के आगामी केंद्रीय बजट के लिए युवाओं के साथ 13वीं और अंतिम बजट-पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता की है। इस बैठक में आर्थिक मामलों के विभाग, शिक्षा मंत्रालय और युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के सचिव भी शामिल हुए।
गौरतलब है कि वर्तमान में, भारत की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है। पिछले 12 सालों में सरकार ने शिक्षा,स्किल डेवलपमेंट, एंटरप्राइज,खेल, स्वास्थ्य और नागरिक भागीदारी जैसे क्षेत्रों में युवाओं पर केंद्रित कई योजनाएं शुरू की हैं। अगले वित्तीय वर्ष के बजट में आर्थिक विकास को और तेज करने के लिए सुधारों को जारी रखने,रोजगार सृजन करने और घरेलू मांग को बढ़ावा देने वाले उपायों पर फोकस किए जाने की उम्मीद है।
युवाओं के साथ 13वीं और अंतिम पूर्व-बजट परामर्श बैठक
केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने कल नई दिल्ली में, आगामी केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए युवाओं के साथ 13वीं और अंतिम पूर्व-बजट परामर्श बैठक की अध्यक्षता की। बता दें कि प्री-बजट कंसल्टेशन, बजट बनाने की सरकार की सहभागिता और परामर्श प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा हैं। इससे तमाम स्टेक होल्डरों को भारत की विकास प्राथमिकताओं और विकास एजेंडे को तय करने में अपना योगदान देने का अवसर मिलता है।
अब तक हुईं कुल 13 परामर्श बैठक
2027-28 के आगामी केंद्रीय बजट के लिए अब तक हुई इस तरह की परामर्श बैठकों में 13 सेक्टरों और स्टेक होल्डर ग्रुप का प्रतिनिधित्व करने वाले 200 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया है। इनमें उद्योग संघो, विषयों के विशेषज्ञ, भारतीय कॉरपोरेट जगत के दिग्गज, शिक्षाविद, युवाओं के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हैं। इन सेक्टरों में कृषि और ग्रामीण विकास, मैन्युफैक्चरिंग, MSME और स्टार्टअप, कैपिटल मार्केट और बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस (BFSI), आईटी, इंफ्रा स्ट्रक्चर, एनर्जी और सस्टेनेबिलिटी, रोजगार और श्रम,आवास, शहरीकरण और संस्कृति, स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दे,अनुसंधान एवं विकास और उच्च शिक्षा, स्कूली शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और खेल, युवा मामले तथा अर्थशास्त्र शामिल हैं।
युवाओं के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श बैठक इस वर्ष की एक नई पहल
युवाओं के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श बैठक इस वर्ष की एक नई पहल रही। इन बैठकों में मिले सुझावों उद्देश्य भारत के मानव संसाधन, इनोवेशन इकोसिस्टम, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, कृषि उत्पादकता, आवास सुरक्षा और शैक्षिक महौल को मजबूत करना है। स्टेक होल्डरों ने ऐसे सुधारों पर जोर दिया जो समावेशी और व्यापक विकास सुनिश्चित करते हुए आर्थिक विकास की गति को और तेज कर सकें।
कुल मिलाकर, इन सिफारिशों का फोकस नवाचार-आधारित विकास को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसरों का विकास करने, सामाजिक और आर्थिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा एक अधिक लचीली और भविष्य के लिए तैयार अर्थव्यवस्था का निर्माण करने पर था।