Bihar Board 12th Topper 2026 Prize: बिहार बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (BSEB) के 12वीं कक्षा या इंटरमीडिएट के रिजल्ट घोषित कर दिए गए हैं। बोर्ड ने आज ऑफिशियल वेबसाइट interbiharboard.com या bsebexam.com पर 12वीं कक्षा के सभी स्ट्रीम का रिजल्ट घोषित कर दिया है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और आनंद किशोर द्वारा रिजल्ट जारी करने के साथ ही टॉपर के नामों की भी घोषणा कर दी गई। बिहार बॉर्ड अपने सभी टॉपरों को उचित रूप से सम्मानित भी करेगा। टॉपर को नकद पुरस्कार के साथ-साथ लैपटॉप और स्कॉलरशिप भी दी जाएगी।
शैक्षिक सत्र 2025-26 में 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 के बीच 12वीं कक्षा की परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें कुल 13,17,846 कैंडिडेट शामिल हुए थे। आज बिहार बोर्ड इंटर 2026 रिजल्ट जारी होने के बाद टॉपर छात्रों के लिए खुशखबरी का सिलसिला अभी थमा नहीं है। हर साल की तरह इस साल भी बोर्ड अपने सभी टॉपर छात्रों को सम्मानित करेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को कैश प्राइज, मेडल और सर्टिफिकेट मिलेगा के साथ-साथ स्कॉलरशिप भी प्रदान की जाएगी। बिहार बोर्ड के टॉप पांच रैंक पाने वाले छात्रों को कैश प्राइज और स्कॉलरशिप मिलेगी।
तीनों स्ट्रीम के टॉपर को 2 लाख रुपये नकद
बिहार सरकार “मेधा दिवस” पर एक बड़े आयोजन में टॉपर्स को सम्मानित करेगी। तीनों स्ट्रीम में पहला स्थान पाने वाले स्टूडेंट्स को 2 लाख रुपये कैश, एक लैपटॉप और एक किंडल ई-बुक रीडर मिलेगा। दूसरे स्थान पर आने वाले विनर्स को 1.5 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाले विनर्स को 01 लाख रुपये, एक लैपटॉप और एक किंडल मिलेगा। इसके अलावा, राज्य की सभी अविवाहित इंटरमीडिएट पास करने वाली छात्राओं को “मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना” के तहत सीधे उनके बैंक अकाउंट में 25,000 रुपये की मदद मिलेगी।
बीएसईबी इंटर रिजल्ट 2026 में कुल 516,928 छात्रों ने फर्स्ट डिवीजन हासिल किया, जबकि 511,744 छात्र सेकंड डिवीजन से पास हुए हैं। वहीं, 82,425 छात्र थर्ड डिवीजन से पास हुए हैं।
टॉपर्स को देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद मेधा छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। इस स्कीम के तहत 2500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। तीनों स्ट्रीम के टॉप 5 छात्रों को यह सुविधा मिलेगी। स्कॉलरशिप की राशि पहले से बढ़ाई गई है। यह छात्रों की आगे की पढ़ाई में मदद करेगी। सरकार इसे लंबे समय तक जारी रखने पर जोर दे रही है।
कोर्स के हिसाब से मिलेगी स्कॉलरशिप अवधि
सामान्य ग्रेजुएशन करने पर 5 साल तक स्कॉलरशिप मिलेगी। टेक्निकल या टेक्नोलॉजी कोर्स के लिए 4 साल तक सहायता दी जाएगी। वहीं, इंटीग्रेटेड कोर्स करने वालों को 5 साल तक लाभ मिलेगा। डिप्लोमा करने वाले छात्रों को कोर्स अवधि तक पैसा मिलेगा।