Get App

CBSE 12th Exam Postponed: फिर टली मिडिल ईस्ट में 12वीं की बोर्ड परीक्षा, बोर्ड ने जारी किया 5वां सर्कुलर

CBSE 12th Exam Postponed: खाड़ी देशों में रह रहे छात्रों के लिए सीबीएसई बोर्ड से इस साल 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा एक बार फिर से टाल दी गई हैं। बोर्ड ने मिडिल ईस्ट देशों में चल रहे सैन्य संघर्ष को देखते हुए 12 से 16 मार्च के बीच होने वाली परीक्षाओं को टालने का फैसला किया है

MoneyControl Newsअपडेटेड Mar 10, 2026 पर 10:41 AM
CBSE 12th Exam Postponed: फिर टली मिडिल ईस्ट में 12वीं की बोर्ड परीक्षा, बोर्ड ने जारी किया 5वां सर्कुलर
बोर्ड 14 मार्च को स्थिति की समीक्षा करने के बाद 16 मार्च से होने वाली परीक्षाओं पर फैसला लेगा।

CBSE 12th Exam Postponed: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मिडिल ईस्ट के कई देशों में 12 मार्च से 16 मार्च, 2026 के बीच होने वाली 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं टाल दी हैं। बोर्ड का यह फैसला बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) में सीबीएसई बोर्ड से 12वीं कक्षा की परीक्षा दे रहे छात्रों पर लागू होगा। इस संबंध में बोर्ड ने सोमवार देर रात 5वां सर्कुलर जारी किया। इसमें कहा गया है कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष से सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं पर असर पड़ा है। यह सर्कुलर सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक ने जारी किया था और प्रभावित देशों में सीबीएसई से जुड़े सभी स्कूलों के प्रिंसिपल को भेजा गया था।

खाड़ी देशों में सीबीएसई बोर्ड से 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा दे रहे छात्रों के लिए इस साल की बोर्ड परीक्षाएं काफी चुनौती पूर्ण बन गई हैं। 7 खड़ी देशों में सैन्य संघर्ष और जवाबी सैन्य कार्रवाई को देखते हुए सीबीएसई बोर्ड पहले ही 10वीं कक्षा की बची हुई परीक्षाओं को रद्द कर चुका है। वहीं, 12वीं कक्षा की परीक्षाओं पर हालात की समीक्षा के बाद हर दो-तीन दिन के अंतराल पर फैसला किया जा रहा है। 12 से 16 मार्च के बीच होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को टालने का फैसला भी 9 मार्च, 2026 को लिया गया। बोर्ड ने एक ऑफिशियल नोटिस जारी कर बताया कि मिडिल ईस्ट इलाके के कुछ हिस्सों में मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

बोर्ड ने बताया कि जिन देशों पर असर पड़ा है, उनमें बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) शामिल हैं। इन इलाकों में CBSE से जुड़े स्कूलों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को इस दौरान होने वाली परीक्षाएं नहीं देनी होंगी। बोर्ड ने साफ किया कि स्थिति का रिव्यू करने के बाद नई परीक्षा की तारीखें बाद में बताई जाएंगी। बोर्ड ने कहा है कि वह 14 मार्च, 2026 (शनिवार) को स्थिति की समीक्षा करेगा और उसके बाद, 16 मार्च से होने वाली बाकी परीक्षाओं के बारे में फैसला लेगा।

ऑफिशियल नोटिस के मुताबिक, बदले हुए शेड्यूल के बारे में आगे के अपडेट ऑफिशियल अनाउंसमेंट के जरिए शेयर किए जाएंगे। बोर्ड ने मिडिल ईस्ट के प्रभावित इलाकों के सभी 12वीं कक्षा के छात्रों को ताजा अपडेट के लिए अपने-अपने स्कूलों के साथ नियमित संपर्क में रहने की सलाह दी है। बोर्ड ने छात्रों को यह भी सलाह दी है कि वे आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से फॉलो करें और बदले हुए परीक्षा कार्यक्रम के बारे में आगे के निर्देशों का इंतजार करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें