CBSE board exam QR code: सीबीएसई बोर्ड की 9 मार्च को हुई 12वीं कक्षा की गणित की परीक्षा को लेकर बोर्ड ने अपने सभी आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों पर स्टेटमेंट जारी किया है। आज, 10 मार्च को जारी इस स्टेटमेंट में बोर्ड ने कहा है कि गणित के पेपर के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है। साथ ही, बोर्ड ने सोशल मीडिया पर वायरल QR code के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जाएं।
सीबीएसई बोर्ड ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर जारी प्रेस रिलीज में कहा, सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों में सुरक्षा के लिए कई उपाय किए जाते हैं। QR code भी इनमें से एक है, ताकि पेपर की सुरक्षा में किसी तरह की छेड़छाड़ होने पर उसकी वास्तविकता का सत्यापित किया जा सके। 9 मार्च को 12वीं कक्षा के मैथेमैटिक्स के पेपर के कुछ सेट में ऐसा देखने में आया है कि एक पेपर का QR कोड स्कैन करने पर यूट्यूब वीडियो से लिंक कर रहा है। इससे छात्रों और अभिभावकों में पेपर की सुरक्षा को लेकर चिंता उत्पन्न हो गई है। बोर्ड ये विश्वास दिलाता है कि सभी प्रश्नपत्र वास्तविक हैं और इनकी सुरक्षा में किसी तरह की कोई चूक या लापरवाही नहीं हुई है। इसके साथ ही पेपर की वैधता पर उठी चिंताओं पर विराम लगाया जाता है। लेकिन इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और बोर्ड भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहा है।
बता दें, सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने इंटरनेट पर लोगों को हैरान कर दिया है। इस क्लिप में, एक छात्र एग्जाम पेपर पर छपे QR कोड स्कैन करता है, और वो YouTube पर रिक एस्टली के लोकप्रिय गाने के एक म्यूजिक वीडियो से कनेक्ट हो जाता है। वायरल क्लिप में, छात्र इस घटना को रिकॉर्ड करते हुए ब्योरा दे रहा है। वीडियो में छात्र कहता है, “मेरा पेपर अच्छा नहीं गया। लेकिन मुझे कुछ इंटरेस्टिंग मिला।” “मैं क्वेश्चन पेपर पर QR कोड स्कैन कर रहा हूं। देखते हैं यह हमें कहां ले जाता है।” मनीकंट्रोल ने खुद वायरल क्लिप में दिखाए गए QR कोड को चेक किया और यह सच में उसी म्यूजिक वीडियो पर रीडायरेक्ट करता है, जो छात्र ने दिखाया था।
सीबीएसई ने 2018 में पेपर लीक रोकने के लिए सुरक्षा उपाय के तौर पर प्रश्नपत्र पर QR कोड दर्ज करने शुरू किए थे। सोमवार को 12वीं के मैथ्स और अप्लाइड मैथ्स की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच आयोजित की गई थी। मैथ्स के पेपर से सोशल मीडिया पर तब हंगामा मच गया, जब यूजर्स ने दावा किया कि पेपर पर छपे एक QR कोड को स्कैन करने पर एक म्यूजिक वीडियो खुल गया।