CBSE Class 12 revaluation result 2026: सीबीएसई बोर्ड ने 12वीं कक्षा के री-इवैल्युएशन के रिजल्ट हाल ही में घोषित कर दिए हैं। इस नतीजों से कुछ छात्रों के रिजल्ट में ऐसा बदलाव आया, जिस पर खुद उनके लिए यकीन करना मुश्किल है। ऐसी ही एक छात्रा हैं झारखंड के रांची में दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली अवनी केजरीवाल। री-इवैल्युएशन के बाद उनके नंबर संशोधित हुए और अब वो पूरे देश में कॉमर्स स्ट्रीम में सबसे ज्यादा नंबर पाने वाली छात्रा बन गई हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कक्षा के छात्रों के री-इवैल्युएशन रिजल्ट घोषित किए। इसकी मार्कशीट छात्रों को उनके डिजीलॉकर आईडी से प्राप्त हुए। अवनी ने जब अपने संशोधित नंबर देखे तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्हें 500 में से 500 नंबर मिले और कॉमर्स के सभी 5 विषयों में उन्होंने 100 नंबर स्कोर किए हैं। एक इंटरव्यू में अवनी ने बताया कि उनका परिवार और वो बेहद खुश हैं। अवनी कहती हैं, ‘नंबर बढ़ने की उम्मीद तो थी, लेकिन ये नहीं सोचा था कि पूरे 100 आएंगे।’
अवनी ने कहा, ‘इंग्लिश में 19 मार्क्स की कटौती से मैं बहुत हैरान थी। इंग्लिश मेरा पसंदीदा और सबसे मजबूत विषय था। बिजनेस स्टडीज में भी पांच मार्क्स कम थे। आंसर शीट की स्कैन कॉपी देखने के बाद मुझे लगा कि री-इवैल्युएशन के लिए अप्लाई करना चाहिए।’ हालांकि, उन्हें यह उम्मीद नहीं थी पुनर्मूल्यांकन के बाद उनका स्कोर परफेक्ट 500 तक पहुंच जाएगा।
री-इवैल्युएशन के लिए अप्लाई करने की वजह पूछने पर अवनी ने कहा, ‘इंग्लिश में 100 में 81 नंबर आए थे। ये मेरे लिए काफी हैरान करने वाला था। बोर्ड की मार्किंग स्कीम के मुताबिक हर सवाल पर नंबर नहीं मिले थे। 2 नंबर के सवाल हों या 5 नंबर के सवाल, हर जगह बिना कारण 0.5 नंबर काटे गए थे। एमसीक्यू में कोई दिक्कत नहीं थी।’ अवनी ने आगे कहा, ‘ये पता था इंग्लिश में नंबर बढ़ जाएंगे, लेकिन पूरे 100 नंबर मिलने की उम्मीद नहीं थी।’
13 मई को घोषित सीबीएसई 12वीं कक्षा के रिजल्ट में अवनी ने 95.2% स्कोर किया था। उनका प्रदर्शन सभी विषयों में अच्छा था, लेकिन इंग्लिश और बिजनेस स्टडीज के नंबर अखर रहे थ। तीन विषयों में पूरे 100 नंबर मिलने के बावजूद, उन्हें भरोसा था कि दो विषयों के कुछ जवाबों का सही मूल्यांकन नहीं किया गया था। उन्हें अपने जवाबों की गुणवत्ता पर भरोसा था। इसी भरोसे को आधार बनाकर उन्होंने री-इवैल्यूएशन करवाने का फैसला किया। उनका भरोसा सही साबित हुआ और उनका ओवरऑल स्कोर 24 मार्क्स बढ़ गया।
री-इवैल्यूएशन के बाद, बोर्ड ने उसका फाइनल स्कोर अपडेट कर दिया है। संशोधित परिणाम में अवनी को पूरे 500 मार्क्स मिले। उन्हें इंग्लिश कोर, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स और एप्लाइड मैथमेटिक्स शामिल में पूरे 100 नंबर मिले हैं। इसके अलावा, एडिशनल सब्जेक्ट ग्राफिक्स में भी 99 अंक हासिल किए हैं।
सब्जेक्ट बदले हुए मार्क्स
ग्राफिक्स (एडिशनल सब्जेक्ट) 99
स्कूल DPS सेल टाउनशिप, धुर्वा