CBSE Re-evaluation 2026: री-इवैल्‍युएशन पोर्टल पर मिल चुके हैं 43000 से ज्‍यादा आवेदन, फीस जमा करने के लिए बोर्ड ने 4 नए बैंक जोड़े

CBSE Re-evaluation 2026: सीबीएसई बोर्ड का री-इवैल्‍युएशन पोर्टल शुरू हो चुका है। इस पर अब तक 40000 से ज्‍यादा छात्र आवेदन कर चुके हैं। बोर्ड छात्रों को फीस जमा करने की प्रक्रिया को सुलभ बनाने के लिए 4 नए बैंक जोड़ने की जानकारी दी है। आइए जानें

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 4:50 PM
सीबीएसई बोर्ड के पोर्टल पर आज दोपहर 12 बजे तक 43,980 छात्र आवेदन कर चुके हैं।

CBSE Re-evaluation 2026: 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए केंद्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का पुनर्मूल्‍यांकन और मार्क्स वेरिफिकेशन पोर्टल शुरू हो गया है। कुछ विलंब से शुरू हुए इस पोर्टल पर आज दोपहर 12 बजे तक 43,980 छात्र अपनी आंसर शीट के पुनर्मूल्‍यांकन और अंक सत्‍यापन के लिए आवेदन कर चुके हैं। आवेदन करने के दौरान छात्रों को फीस भुगतान प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए सीबीएसई बोर्ड ने 4 नए पेमेंट गेटवे जोड़े हैं। इस बीच, बोर्ड ने जानकारी दी है कि साइबर हमलों की कोशिशों के बावजूद पोर्टल पूरी तरह सुरक्षित है। साथ ही छात्रों को किसी भी परेशानी से बचाने के लिए लगातार तकनीकी निगरानी की जा रही है।

भुगतान के लिए 4 नए गेटवे

सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुविधा के लिए वेरिफिकेशन और री-इवैल्युएशन पोर्टल पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) और इंडियन बैंक के पेमेंट गेटवे उपलब्ध कराए गए हैं। छात्र इन गेटवे के माध्यम से किसी भी बैंक के ऑनलाइन भुगतान विकल्पों जैसे- यूपीआई, नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड का उपयोग करके अपनी फीस जमा कर सकते हैं।

छात्रों के फीडबैक पर तुरंत हो रही कार्रवाई

सीबीएसई बोर्ड की सोशल मीडिया टीम पूरी तरह से मुस्‍तैद है और छात्रों की तरफ से आ रही दिक्‍कतों का तुरंत समाधान करने के साथ ही उन्‍हें जवाब देने में लगी हुई है। छात्रों से मिले फीडबैक के बाद बोर्ड ने पोर्टल में कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं, जिसमें सेशन टाइम लिमिट (समय सीमा) को बढ़ाना भी शामिल है। बोर्ड ने छात्रों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि वे अपनी लॉगिन क्रेडेंशियल्स, आधार विवरण, पासवर्ड और एडमिट कार्ड आईडी को पूरी तरह सही और दिए गए विवरणों के अनुसार ही दर्ज करें।

बोर्ड ने बढ़ाई पोर्टल की क्षमता


पोर्टल पर छात्रों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए बोर्ड ने क्षमता भी बढ़ा दी है। अब एक समय में लगभग 14,000 यूजर्स वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं। री-इवैल्‍युएशन पोर्टल पर आज दोपहर 12 बजे तक कुल 43,980 आवेदन मिल चुके हैं। इन्‍हें दो मुख्य हिस्‍सों में बांटा गया है। कुल 4,924 छात्रों ने केवल मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए अप्लाई किया है। सबसे बड़ी संख्या पुनर्मूल्यांकन चाहने वाले छात्रों की है, जहां 39,056 आवेदनों के साथ छात्र सीधे अपने लिखे हुए जवाबों की दोबारा गहन जांच की मांग कर रहे हैं।

तकनीकी समस्या आने पर क्या करें छात्र?

सीबीएसई ने कहा है कि यदि किसी छात्र को आवेदन प्रक्रिया के दौरान कोई परेशानी आती है तो वह अपनी समस्या का संक्षिप्त विवरण बोर्ड को डायरेक्ट मैसेज (DM) के माध्यम से भेज सकता है। छात्रों को अपने रोल नंबर, एप्लीकेशन आईडी, एडमिट कार्ड आईडी और स्क्रीन पर दिखाई देने वाले एरर मैसेज की जानकारी साझा करनी होगी। इसके बाद संबंधित विभाग द्वारा समस्या का समाधान कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

CBSE OSM: जानें कौन हैं ओएसएम जांच समिति की अध्‍यक्ष एस राधा चौहान, यूपी कैडर की आईएएस अधिकारी करती हैं पीएम को रिपोर्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।