CGBSE 12th Result 2026 Topper List: छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा बोर्ड (CGBSE) ने आज 12वीं कक्षा के छात्रों का रिजल्ट जारी कर दिया है। शैक्षिक सत्र 2025-26 में 12वीं कक्षा की परीक्षा देने वाले छात्रों को लंबे इंतजार के बाद आज अपनी मेहनत का फल मिल गया है। इस साल 12वीं कक्षा में कुल 83.04% छात्रों ने सफलता हासिल की है। इनमें छात्राओं का प्रतिशत छात्रों के मुकाबले बेहतर रहा है। इस साल 86.4% लड़कियां और 78.8% लड़के 12वीं कक्षा में सफल रहे हैं। सीजीबीएसई 12वीं रिजल्ट 2026 की घोषणा राज्य के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साल भी मौजूद रहे।
12वीं में जिज्ञासु वर्मा ने किया टॉप
इस साल छत्तीसगढ़ हायर सेकेंडरी रिजल्ट 2026 परीक्षा में जिज्ञासु वर्मा ने पूरे प्रदेश में सर्वाधिक नंबरों के साथ टॉप किया है। 12वीं की मेरिट लिस्ट में ओमनी दूसरे स्थान पर रहे, जबकि तीसरा स्थान कृष महंत ने हासिल किया है।
छत्तीसगढ़ बोर्ड 12वीं की टॉपर लिस्ट
पहला स्थान : जिज्ञासु वर्मा 98.60% 493 अंक
तीसरा स्थान : कृष महंत 97.80% 489 अंक
टीवी-सोशल मीडिया से दूरी ने बनाया जिज्ञासु को टॉपर
छत्तीसगढ़ बोर्ड कक्षा 12वीं के टॉपर जिज्ञासु वर्मा अपनी सफलता पर बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के समय उन्होंने टीवी और सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। जिज्ञासु ने बताया कि वह पढ़ाई नियमित करते थे, लेकिन घंटे तय नहीं थे। परिवार की ओर से उन पर ज्यादा दबाव नहीं था, जितना मन होता, उतना ध्यान लगाकर पढ़ते थे। वह आगे जेईई JEE की तैयारी करना चाहते हैं।
टॉपर पर होगी इनामों की बारिश
छत्तीसगड़ 12वीं परीक्षा 2026 में पूरे प्रदेश में टॉप करने वाले राज्य के मेधावी छात्रों की खुशी का ठिकाना नहीं है। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के टॉपर्स के लिए बड़े पुरस्कारों की घोषणा की है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य के मेधावी छात्रों को 1.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी।
सीजी बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 देखने के ठिकाने
सीजी बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों cgbse.nic.in और cg.results.nic.in पर जारी किया गया है। छात्र यहां अपना रोल नंबर डालकर रिजल्ट देख सकते हैं। वेबसाइट के अलावा, छात्र डिजिलॉकर (DigiLocker) और 'उमंग' ऐप के जरिए भी अपनी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं। भारी ट्रैफिक के कारण वेबसाइट धीमी होने पर छात्र SMS के जरिए भी अपना रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को अपने मोबाइल पर 'CG10' या 'CG12' लिखकर अपना रोल नंबर डालकर 56263 पर भेजना होगा।
अच्छे नहीं आए हैं नंबर तो सप्लीमेंट्री परीक्षा की करें तैयारी
बोर्ड द्वारा रिजल्ट जारी होने से जहां ढेरों छात्रों में खुशी की लहर है, वहीं कुछ छात्र निराश भी हैं। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जो छात्र एक या दो विषयों में सफल नहीं हो पाए हैं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। ऐसे छात्रों के लिए जल्द ही सप्लीमेंट्री परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। अपने नंबरों से असंतुष्ट छात्र पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।