CSIR UGC NET December 2025: सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा दे चुके उम्मीदवार काफी समय से अपने प्रमाणपत्र का इंतजार कर रहे थे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इन सभी उम्मीदवारों को राहत देते हुए सीएसआईआर यूजीसी नेट दिसंबर 2025 परीक्षा का सर्टिफकेट जारी कर दिया है। परीक्षा देने वाले उम्मीदवार अपनी आवेदन संख्या और अन्य क्रेडेंशियल की मदद से अपना सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकते हैं। एजेंसी ने इसका लिंक अपने ऑनलाइन पोर्टल पर एक्टिव कर दिया है।
सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की पात्रता और पीएचडी प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में आयोजित दिसंबर 2025 परीक्षा में 2 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। यह परीक्षा 5 अलग-अलग विषयों के लिए देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 18 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी। विज्ञान वर्ग के उम्मीदवारों के लिए इस परीक्षा को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके जरिए उन्हें रिसर्च फेलोशिप, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने और पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश लेने का मौका मिलता है।
सीएसआईआर यूजीसी नेट दिसंबर 2025 सर्टिफिकेट कैसे डाउनलोड करें?
सीएसआईआर यूजीसी नेट दिसंबर 2025 सर्टिफिकेट को डाउनलोड करने में होने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए एनटीए ने हेल्पलाइन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। उम्मीदवार अपनी समस्या csirnet@nta.ac.in या csircertificate@nta.ac.in पर ईमेल करके बता सकते हैं। एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे समय-समय पर सीएसआईआर नेट की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें, ताकि उन्हें नई अपडेट और जरूरी सूचनाएं समय पर मिलती रहें।
क्या है सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा
यह परीक्षा खास तौर पर साइंस स्ट्रीम के छात्रों के लिए होती है। इसमें सफल उम्मीदवार देश के विश्वविद्यालयों, रिसर्च संस्थानों और कॉलेजों में रिसर्च और टीचिंग के क्षेत्र में करियर बना सकते हैं और शोध/अध्ययन कर सकते हैं। इसका आयोजन काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च (CSIR) और यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) के लिए संयुक्त रूप से किया जाता है। परीक्षा का संचालन एनटीए द्वारा शिक्षा मंत्रालय और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से किया जाता है।