CTET Result 2026: सीटेट फरवरी परीक्षा में 25.68% आवेदक हुए पास, पेपर 2 में सबसे ज्यादा उम्मीदवार असफल

CTET Result 2026: सीटीईटी फरवरी का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जा चुका है। परीक्षा देने वाले सभी उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं। हालांकि इस बार सीटेट परीक्षा में फेल होने वाले आवेदकों की संख्या पास होने वालों से कहीं अधिक है

अपडेटेड Apr 01, 2026 पर 11:18 AM
Story continues below Advertisement
सीबीएसई हर साल दो बार सीटीईटी परीक्षा आयोजित करता है।

CTET Result 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) देश भर में बतौर शिक्षक करियर बनाने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) का आयोजन करता है। यह परीक्षा देश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर साल में दो बार आयोजित की जाती है। इस साल फरवरी 2026 में आयोजित सीटेट परीक्षा का परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित किया जा चुका है। ये परीक्षा 7 और 8 फरवरी को आयोजित की गई थी। परीक्षा देने वाले सभी उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट ctet.nic.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। सीबीसएई ने सीटीईटी पेपर-1 और पेपर-2 दोनों रिजल्ट एक साथ जारी किया है।

इस तरह डाउनलोड करें स्कोरकार्ड

  • सीटीईटी रिजल्ट 2026 चेक करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जाएं।
  • वेबसाइट के होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज में आपको CTET FEB 2026 Result लिंक पर क्लिक करना होगा।
  • इसके बाद आपको रोल नंबर दर्ज करके Login बटन पर क्लिक करना होगा।
  • अब आपका स्कोरकार्ड स्क्रीन पर ओपन हो जायेगा जहां से आप इसे चेक करने के साथ ही डाउनलोड भी कर सकते हैं।

उम्मीदवारों की मार्कशीट और सर्टिफिकेट जल्द ही डिजीलॉकर पर अपलोड कर दिए जाएंगे। छात्र अपने ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में दिए गए मोबाइल नंबर से डिजीलॉकर में लॉगिन करके इसे डाउनलोड कर सकेंगे।

फरवरी 2026 में हुई सीटेट परीक्षा में 23,24,625 परीक्षार्थी सीटेट में शामिल हुए थे। इनमें से सिर्फ 5,97,061 अभ्यर्थी ही पास हो पाए हैं, यानी सफलता का प्रतिशत मात्र 25.68% रहा। शेष 75% से ज्यादा छात्र फेल हो गए। सीटेट परीक्षा में दो पेपर होते हैं। इसके पेपर 1 में कुल 10,65,410 छात्र शामिल हुए, जबकि 3,58,937 पास हुए। पास प्रतिशत थोड़ा बेहतर रहा। लेकिन पेपर-2 में कुल 18,67,428 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें सिर्फ 3,46,738 पास हो सके। इस श्रेणी में पास प्रतिशत मात्र 18.56% रहा। पेपर-2 में फेल होने वाले छात्रों की संख्या काफी ज्यादा है जो चिंता का विषय है।


सीटेट में इतना कम पास प्रतिशत देखकर बड़ी संख्या में उम्मीदवार निराश हैं, वहीं पहले से स्कूलों में पढ़ा रहे हजारों शिक्षकों पर अब टीईटी पास करने का दबाव बढ़ गया है। बता दें, सुप्रीम कोर्ट ने सितंबर 2025 में फैसला दिया था कि सभी शिक्षकों को टीईटी पास करना होगा। इसके लिए 2 साल यानी सितंबर 2025 से मार्च 2027 तक का समय दिया गया है। इस दौरान अगर टीईटी पास नहीं किया तो नौकरी जा सकती है। प्रमोशन और स्थायी होने के लिए भी TET अनिवार्य है। इस फैसले से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान समेत कई राज्यों में लाखों स्थायी और संविदा शिक्षक प्रभावित होंगे। कई राज्य जैसे तमिलनाडु इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर कर चुके हैं।

बता दें, सीबीएसई हर साल दो बार सीटीईटी परीक्षा आयोजित करता है। इस परीक्षा को पास करने वाले परीक्षार्थी देशभर के केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और आर्मी स्कूलों में शिक्षकों के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। सीटेट के पेपर -1 में सफल उम्मीदवार कक्षा 1 से लेकर कक्षा 5 तक के लिए होने वाली शिक्षक भर्ती के लिए योग्य होते हैं। वहीं, पेपर -2 में सफल अभ्यर्थी कक्षा 6 से 8वीं तक के लिए होने वाली शिक्षक भर्ती के लिए पात्र होते हैं। सीटेट का स्कोरकार्ड जीवनकाल के लिए वैध माना जाता है। मतलब एक बार परीक्षा पास कर लो, उसके बाद दोबारा पास करने की जरूरत नहीं है।

Rajasthan Board 12th Result 2026: राजस्थान बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 2026 आज होगा जारी, डायरेक्ट रोल नंबर से ऐसे देखें नतीजे

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।