CUET UG 2026: अब तक नहीं मिला है परीक्षा शहर, एनटीए ने दिया आज शाम तक अपना शहर चुनने का मौका

CUET UG 2026: 11 मई से शुरू हो रही सीयूईटी यूजी परीक्षा में एग्जाम सिटी को लेकर मचे हंगामे के बीच एनटीए से अपना परीक्षा शहर चुनने का मौका दिया है। यह विंडो खासतौर से उन उम्मीदवारों के लिए खोली गई है, जिन्हें अब तक कोई परीक्षा शहर आवंटित नहीं हुआ है या उन्होंने चुनाव नहीं किया है

अपडेटेड May 07, 2026 पर 1:43 PM
Story continues below Advertisement
यह 'विंडो' उन उम्मीदवारों के लिए है जिन्हें अभी तक कोई परीक्षा शहर आवंटित नहीं किया गया है।

CUET UG 2026: कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) 2026 परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए प्रमुख अपडेट है। 11 मई को परीक्षा में शामिल होने जा रहे जिन छात्रों को अब तक कोई परीक्षा शहर आवंटित नहीं हुआ है, एनटीए ने उन्हें एक और मौका दिया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आधिकारिक तौर पर उन परीक्षार्थियों के लिए ‘सिटी एलोकेशन विंडो’ को दोबारा खोला है। पहले चरण में जिन परीक्षार्थियों को सेंटर अलॉट नहीं हो पाए थे, वे 7 मई 2026 तक एलोकेशन विंडो पर आवेदन कर सकते हैं।

क्या सबके लिए है ये सुविधा?

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यह 'विंडो' विशेष रूप से उन उम्मीदवारों के लिए है जिन्हें अभी तक कोई परीक्षा शहर आवंटित नहीं किया गया है। ऐसे छात्र जिनकी जानकारी में कोई गड़बड़ी थी या जिन्होंने शहर का चुनाव नहीं किया था, वे पोर्टल पर लॉगिन कर अपना परीक्षा शहर चुन सकते हैं। यह पोर्टल छात्रों को अपनी प्राथमिकता के अनुसार परीक्षा शहरों की लिस्ट दोबारा देखने और उपलब्ध विकल्पों में से चुनने की अनुमति देगा।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यह कदम केवल उन छात्रों के लिए है जिन्हें अभी तक कोई केंद्र आवंटित नहीं हो पाए हैं। जिन छात्रों को पहले ही एडमिट कार्ड या सिटी स्लिप मिल चुकी है, उनके लिए इसमें बदलाव की संभावना बहुत कम है।

कैसे चेक करें अपना परीक्षा शहर?


  • आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.ac.in/CUET-UG पर जाएं।
  • होमपेज पर 'City Allocation Window for Unaccommodated Candidates' के लिंक पर क्लिक करें।
  • अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड (या जन्म तिथि) दर्ज करके लॉगिन करें।
  • स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें और उपलब्ध शहरों में से अपनी पसंद का चुनाव करें।
  • प्रक्रिया पूरी होने के बाद, कन्फर्मेशन पेज का प्रिंटआउट जरूर ले लें।

परीक्षा केंद्रों को लेकर क्यों मचा है हंगामा?

इस साल सीयूईटी यूजी में रिकॉर्ड आवेदन प्राप्त हुए हैं। बड़ी संख्या में आवेदनों की वजह से कुछ शहरों में केंद्रों की क्षमता पूरी हो गई थी। एनटीए का प्रयास है कि हाइब्रिड मोड में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए छात्रों को उनके वर्तमान पते के जितना संभव हो सके उतना पास केंद्र दिया जाए। 11 मई से शुरू होने वाली इस परीक्षा के लिए नई सिटी स्लिप जारी होने के तुरंत बाद एडमिट कार्ड भी अपडेट किए जाएंगे।

परीक्षा शहर अपडेट करने के लिए बस आज तक का समय

जिन छात्रों को परीक्षा शहर आवंटित नहीं हुआ है, उनके पास अपना शहर चुनने के लिए बस आज का दिन है। एनटीए ने छात्रों को चेतावनी दी है कि यह पोर्टल बहुत ही सीमित समय के लिए खुला रहेगा। इसलिए, देरी न करते हुए अपनी जानकारी तुरंत अपडेट करें। यदि इसके बाद भी किसी छात्र को अपना सिटी अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करने में दिक्कत आती है, तो वे एनटीए के हेल्पडेस्क नंबर या ईमेल पर संपर्क कर सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।