HBSE 10th Result 2026: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) से 10 वीं कक्षा की परीक्षा दे चुके छात्रों के लिए आज बेहद अहम दिन है। एचबीएसई ने शैक्षिक सत्र 2025-26 में 10वीं कक्षा की परीक्षा देने वाले छात्रों का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा देने वाले छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं और स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। छात्रों को अपना रिजल्ट देखने के लिए अपने रोल नंबर और जन्मतिथि की जरूरत होगी।
इस साल हरियाणा बोर्ड के 10वीं कक्षा का कुल पास प्रतिशत 89.60% रहा है। इस साल भी लड़कियों ने 10वीं कक्षा में कमाल किया है। इनका पास प्रतिशत 91.64% रहा, जबकि 87.69% लड़के 10वीं कक्षा में सफलता दर्ज कर पाए। हरिणाया बोर्ड 10वीं परीक्षा 2026 का आयोजन 26 फरवरी से 20 मार्च 2026 के बीच किया गया था। इसमें लगभग 2.78 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। बीएसईएच 10वीं परीक्षा 2026 में सफल होने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33% अंक लाने जरूरी हैं। 80 अंकों के थ्योरी पेपर में कम से कम 26 अंक और 20 अंकों के प्रैक्टिकल/आंतरिक मूल्यांकन में कम से कम 7 अंक चाहिए।
वेबसाइट के अलावा यहां भी है रिजल्ट
DigiLocker ऐप/वेबसाइट : results.digilocker.gov.in (results.digilocker.gov.in in Bing)
SMS सेवा : बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई गई है।
भिवानी की दीपिका 499 नंबरों के साथ बनी टॉपर
आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मिरान (भिवानी) की छात्रा दीपिका ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। दीपिका के पिता का नाम राजकुमार और माता का नाम कमला है। उन्होंने गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और कंप्यूटर जैसे विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं।
बिगोवा की रोनक रही दूसरे स्थान पर
बी.एस.एम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बिगोवा (चरखी दादरी) की रोनक ने 500 में से 498 अंक हासिल किए हैं। उनके पिता जगमाल और माता कमला हैं। रोनक ने अंग्रेजी, हिंदी, सामाजिक विज्ञान और कंप्यूटर में पूर्ण अंक (100) प्राप्त किए हैं।
एन.सी.वी.एम. हाई स्कूल, पुठी समैण (हिसार) की छात्रा खुशी ने भी 498 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान साझा किया है। उनके पिता वीरेंद्र सिंह और माता नहनी देवी हैं। खुशी ने अंग्रेजी और गणित में 100 अंक हासिल किए हैं।
स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खेड़ी जालब (हिसार) की अंतु ने भी 498 अंक प्राप्त किए हैं। उनके पिता सुशील और माता रेनू हैं। उन्होंने सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, गणित और शारीरिक शिक्षा में 100-100 अंक प्राप्त किए।
बाला जी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भुंगारका (महेंद्रगढ़) के दीपांशु ने भी 498 अंक लेकर दूसरा स्थान पाया है। उनके पिता धर्मपाल और माता बीना देवी हैं। उन्होंने अंग्रेजी, विज्ञान और गणित में पूरे 100 अंक प्राप्त किए हैं।